योजनाओं की मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली से बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें: उप विकास आयुक्त
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड )14 मई।आज समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की एजेंडावार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने 15वें वित्त आयोग के तहत आवंटित राशि के व्यय की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पंचायतों में प्राप्त राशि का उपयोग विभिन्न विकास योजनाओं में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। बैठक में पंचायत एवं पंचायत समिति स्तर पर संचालित योजनाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट तथा योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, पंचायत सचिव, जेई, बीसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

