हनुमानगढ़/राजस्थान 6 सितंबर। अर्हता दिनांक 01 अक्टूबर के संदर्भ में चल रहे मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के लिए रोल पर्यवेक्षक एवं संभागीय आयुक्त उर्मिला राजोरिया ने टाऊन स्थित पंचायत समिति सभागार में अधिकारियों एवं राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक ली।
राजोरिया ने बैठक में बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा 21 अगस्त से 19 सितंबर, 2023 तक मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत 09 सितम्बर को ग्राम सभा-वार्ड सभा तथा 10 सितम्बर को सभी मतदान केन्द्रों पर विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। जिसमें बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे, इसलिए जो भी योग्य व्यक्ति एक अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहा है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुगवाए ताकि लोकतंत्र के महोत्सव विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। राजोरिया ने जानकारी दी कि निर्वाचन विभाग द्वारा वोटर हेल्प लाईन एप लाॅन्च किया गया है जो गुगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस एप्प के माध्यम से कोई भी योग्य व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में नाम सर्च कर सकता है एवं निर्वाचन के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है। इसी के साथ ही विभाग द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसे दिव्यांग या 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता जो बूथ तक जाने में असमर्थ हैं, उन्हें होम वोटिंग की सुविधा दी जायेगी। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा पृथक से सक्षम मोबाईल एप्प लाॅन्च किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रृंति रूक्मणि रियार ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके व्यक्ति प्ले स्टोर से वोटर हेल्प लाईन एप को डाउनलोड करके फार्म नं. 6 में आनलाईन आवेदन कर सकते है। इसी क्रम में उन्होने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सक्षम एप के माध्यम से दिव्यांग मतदाता अपना वोट रजिस्ट्रेशन करवा सकते है। होम वोटिंग के दौरान मतदान प्रक्रिया में गोपनीयता बरकरार रखी जायेगी।
बैठक में सीईओ जिला परिषद एवं स्वीप प्रभारी सुनीता चौधरी ने बताया कि जिले में शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु मतदाताओं को स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। ईवीएम वीवपेट अवेयरनेस कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कांग्रेस प्रतिनिधि गुरविन्द्र शर्मा ने सुझाव दिया कि सक्षम एप्प के बारे में लोगों में जागरूकता का अभाव है, जिस पर स्वीप प्रभारी ने बताया कि इसके लिए पृथक से कार्ययोजना तैयार कर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल कुमार यादव ने राजनैतिक दलों से अनुरोध किया कि मतदाता सूची में पारदर्शिता के लिए अपने अपने बीएलए को सक्रिय करें तथा जहां बीएलए नहीं हैं, उनकी नियुक्ति करें ।
बैठक में संभागीय आयुक्त उर्मिला राजोरिया, जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला कलक्टर रूकमणि रियार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल कुमार यादव, रिटर्निंग ऑफिसर दिव्या, स्वीप नोडल अधिकारी व सीईओ सुनीता चौधरी, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि गुरविंदर शर्मा, बलराज सिंह, शबीर मोहम्मद, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया के प्रतिनिधि राम कुमार, आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि राजवीर माली, सरपंच नवनीत संधू, गुरुसर सरपंच राधेश्याम, धोलीपाल सरपंच महावीर सिंह मुंड, अरुण कुमार समेत चुनाव से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहें।
previous post
