
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)02 अक्टूबर।गांधी जयंती के अवसर पर महंथ महादेवानंद महिला महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और श्रम की गरिमा की भावना विकसित करना था।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य प्रो. डॉ. राजीव कुमार ने की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपने घर, महाविद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।इस दौरान NSS स्वयंसेविकाओं एवं NCC कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की। छात्राओं ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का आयोजन NSS इकाई-I की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. स्मृति चौधुरी, NSS इकाई-II की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुधा निकेतन रंजनी एवं NCC की एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. स्मिता कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया।इस अवसर पर डॉ. सादिया हबीब, डॉ. जुगल प्रसाद, डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. प्रियंका त्रिपाठी, डॉ. खुशबू कुमारी, डॉ. आशा सिन्हा, डॉ. शीला कुमारी, डॉ. अनुपम, डॉ. सरोज देवी, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. शुमैला फातमा एवं डॉ. तस्नीम फातमा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में NSS स्वयंसेविकाओं और NCC कैडेट्स ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में स्वच्छता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, सामूहिक सहभागिता एवं राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
