
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 1 अक्टूबर। शाहपुर विधायक राकेश रंजन ने नई दिल्ली मे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने आरा-बक्सर फोरलेन एनएच-922 पर शाहपुर और बिहिया क्षेत्र की समस्याओं से केंद्रीय मंत्री नितिन जयराम गडकरी को अवगत कराया और मांग-पत्र सौंपा। विधायक राकेश रंजन ने बताया कि एनएच-922 के दोनों तरफ बड़ी संख्या मे गाँव, बाजार और कृषि क्षेत्र है। कई स्थानों पर हाईवे पार करने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है जिससे आवागमन मे परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने एनएच-922 पर 7 महत्वपूर्ण स्थानों पर अंडरपास और सर्विस लेन के निर्माण की मांग की है। इसमे तेघरा गाँव के पास सर्विस लेन, शाहपुर बाजार मोड़ के पास अंडरपास, शाहपुर-बनाही रोड के पास सर्विस लेन, इंटवा गाँव के पास अंडरपास, साहोडीह गाॅव के पास सर्विस लेन, कुण्डेश्वर गांव मोड़ के पास अंडरपास और बिलौटी गाँव के पास अंडरपास शामिल है। विधायक राकेश रंजन ने एनएचएआई से इन सभी प्रस्तावित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण और तकनीकी सर्वेक्षण कराकर निर्माण कार्य कराने का आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन जयराम गडकरी ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विधायक राकेश रंजन ने कहा कि एनएच-922 क्षेत्र के विकास की जीवन रेखा है। इन सुविधाओं के बनने से शाहपुर और बिहिया क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
