
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)02 अक्टूबर।एस.बी. कॉलेज की नवनियुक्त प्रधानाचार्य प्रो. पूनम कुमारी ने कॉलेज के विकास को लेकर अपना विजन स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका प्रयास एस.बी. कॉलेज को केवल डिग्री प्रदान करने वाला संस्थान न रखकर एक जीवंत, गुणवत्तापूर्ण और छात्र-केंद्रित उच्च शिक्षण संस्थान बनाने का है। उन्होंने कहा कि ऐसा वातावरण विकसित किया जाएगा, जहां विद्यार्थी नियमित रूप से कॉलेज आएं, सीखें, अपनी प्रतिभा विकसित करें और भविष्य के लिए तैयार हों।प्रो. पूनम कुमारी ने कहा कि कॉलेज में शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्र सहभागिता पर विशेष फोकस रहेगा। कक्षाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति और अकादमिक प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। विभिन्न छात्र समितियों और सोसाइटियों को भी सक्रिय किया जाएगा।उन्होंने बताया कि रोजगार एवं कौशल विकास भी प्राथमिकता में रहेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर गाइडेंस, डिजिटल एवं संचार कौशल, प्लेसमेंट तथा इंटर्नशिप के अवसरों को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कॉलेज में शोध, नवाचार और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल एवं भौतिक आधारभूत संरचना, पुस्तकालय, आईसीटी सुविधाओं और छात्र सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल NAAC का कोई ग्रेड हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसी संस्थागत संस्कृति विकसित करना है, जिसमें गुणवत्ता, पारदर्शिता, अनुशासन और निरंतर सुधार कार्यशैली का हिस्सा बनें। उनका लक्ष्य ऐसा एस.बी. कॉलेज बनाना है, जहां विद्यार्थी आना, सीखना और अपनी पहचान बनाना चाहें।
