
भोपाल/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद) 1 अक्टूबर।स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (IGRMS), भोपाल में आज दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत संग्रहालय के गेट क्रमांक-2, उसके बाहर स्थित जीवन वाटिका तथा आसपास के क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई एवं श्रमदान किया गया।
कार्यक्रम में भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि स्वच्छता का संकल्प माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में लाल किले की प्राचीर से देश के समक्ष रखा गया था। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में मानव संग्रहालय की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है और उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए वे संग्रहालय के आभारी हैं। उन्होंने भविष्य में भी संग्रहालय की विभिन्न गतिविधियों में सहयोग प्रदान करने की बात कही।
संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या विशेष दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर-परिवार के साथ-साथ अपने कार्यालय एवं कार्यस्थल को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सभी से स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक एवं प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि विधायक भगवानदास सबनानी, संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे सहित संग्रहालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान किया। सभी ने जीवन वाटिका परिसर तथा संग्रहालय के आसपास की सड़क एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
मानव संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि,कार्यक्रम के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ परिवेश के निर्माण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।
