खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम : जिलाधिकारी
RKTV NEWS/सीतामढ़ी ( बिहार)01 अक्टूबर।सीतामढ़ी के स्थानीय जानकी स्टेडियम में गुरुवार को जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता–2026 का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, अनुमंडल पदाधिकारी सदर आनंद कुमार सहित शिक्षा एवं खेल विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का आयोजन 01 अक्टूबर से 04 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागी एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक एवं अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मार्च पास्ट के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने पूरे स्टेडियम के वातावरण को ऊर्जा और उमंग से भर दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण पाठशाला है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में सहभागिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा जीत-हार से परे अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीतामढ़ी के विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि इन प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहन, बेहतर प्रशिक्षण और उचित अवसर प्रदान किया जाए।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों से अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

