
RKTV NEWS/सासाराम (रोहतास)23 अक्टूबर।आगामी छठ महापर्व को लेकर आज जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सासाराम के लालगंज नहर, मुरादाबाद, बेदा सहित 18 छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रमुख तलाबों एवं कृत्रिम घाटों की तैयारी का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रोहतास, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम, जिला आपदा पदाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद थे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ बिहार की सांस्कृतिक पहचान है, इसलिए प्रशासन का दायित्व है कि श्रद्धालु इस पर्व को पूर्ण श्रद्धा, स्वच्छता और सुरक्षा के साथ मनाएं।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि
– सभी घाटों, मार्गों एवं निकटवर्ती क्षेत्रों की नियमित सफाई प्रतिदिन कराई जाए।
– नगरपालिका व पंचायत स्तर पर विशेष सफाई टीम गठित हो, जो छठ के चारों दिन सक्रिय रहे।
– नदी घाट के आसपास कचरा, प्लास्टिक, और मेला सामग्री के निस्तारण हेतु डस्टबिन रखे जाएं।
– घाट पहुंच मार्गों की मरम्मत, गड्ढों की भराई तथा फिसलन रोकने हेतु रेत व मिट्टी डालने का निर्देश दिया गया।
– पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक उपयोग पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
– सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, होमगार्ड, एनडीआरएफ एवं सिविल डिफेंस की संयुक्त टीम तैनात रहेगी।
– वज्रवाहक पुलिस वाहन, लाइफ जैकेट और रेस्क्यू बोट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
– महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु महिला थाना एवं स्वयंसेवी संगठनों की महिला वॉलंटियर्स की तैनाती होगी।
– रात्रि के समय बेहतर निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे से घाटों की गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
– हर घाट पर 24 घंटे सक्रिय निगरानी बूथ और कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
– जिले के सभी बड़े घाटों के पास यातायात नियंत्रण की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है।
– मोटरसाइकिल, चारपहिया, एवं रिक्शा आदि के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं।
– सासाराम शहर में सोन नदी तट की ओर से आने-जाने वाले मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
– भीड़ नियंत्रण के लिए दोनों ओर बैरिकेडिंग और स्वयंसेवी युवाओं की तैनाती की जाएगी।
– वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के आवागमन हेतु विशेष सहायता काउंटर बनाए जाएंगे।
– सभी घाटों पर स्थायी और अस्थायी रूप से LED लाइटें लगाई जाएंगी।
– विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर बैकअप तैयार रखा जाएगा।
– पीएचईडी विभाग द्वारा पेयजल टैंकर व स्टॉल की व्यवस्था की जा रही है।
– प्रत्येक मुख्य घाट पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैम्प स्थापित होंगे।
– एंबुलेंस, ऑक्सीजन सिलिंडर, प्राथमिक चिकित्सा किट और चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
– जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा, कंट्रोल रूम पर शिकायत या सूचना दी जा सकेगी।
– आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिया गया है कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित बचाव कार्य प्रारंभ किया जाए।
– सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस संयुक्त रूप से सक्रिय रहेंगे।
– माइक एवं डीजे के अनियंत्रित प्रयोग पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को समयबद्ध रूप से तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया।
