कर्मियों ने फेस्लिटेशन सेंटर पर पोस्टल बैलेट से किया मतदान।

सामान्य प्रेक्षकों ने लिया जायजा, दिए महत्वपूर्ण टिप्स।
RKTV NEWS/छपरा(सारण)23 अक्टूबर।मतदान कर्मियों का द्वितीय प्रशिक्षण गुरुवार को शहर के दस केन्द्रों पर प्रारम्भ हुआ। सभी कर्मियों ने चुनाव से जुड़े अपने दायित्वों को समझा और चुनाव संबंधी जानकारियां हासिल की। मास्टर ट्रेनर्स ने भी प्रभावी ढंग से उनका ज्ञानवर्धन किया और चुनाव को सफलता पूर्वक संपन्न कराने में उनकी महती भूमिका समझाई। विभिन्न प्रकार के प्रपत्रों के उपयोग व उनके संधारण के बारे में बताया। इवीएम संचालन की हैंड्सऑन ट्रेनिंग भी दी। मास्टर प्रशिक्षकों ने बताया कि किसी भी चुनाव में कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए संबंधित कर्मियों को उचित प्रशिक्षण प्राप्त करना आवश्यक है।
ऑब्जर्वर ने दिए महत्तवपूर्ण टिप्स
प्रशिक्षण का जायजा लेने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षक ने भी केंद्रों का भ्रमण किया। गरखा विधानसभा के समान्य प्रेक्षक अमर कुशवाहा ने शहर के गंगा देवी आर्य कन्या मध्य विद्यालय और मिश्री लाल साह आर्य कन्या उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान कक्ष में जाकर प्रशिक्षुओं से सीधी वार्तालाप की। उन्होंने उदाहरण देते हुए बेहद आकर्षक ढंग से चुनाव संचालन में बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया। उन्होंने इवीएम के बूथ पर प्रतिस्थापन, माॅक पोल के डाटा को डिलीट करना आदि पर सारगर्भित प्रकाश डाला। इस दौरान डीपीओ स्थापना धनंजय पासवान उपस्थित रहे। वहीं छपरा विधानसभा के समान्य प्रेक्षक शरत बी ने लक्ष्मी नारायण ब्राह्मण स्कुल का दौरा किया। उन्होंने कक्ष में प्रशिक्षु की तरह उपस्थित होकर मास्टर ट्रेनर की प्रशिक्षण विधि का अवलोकन किया। साथ ही महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराने का सुझाव दिया। विशेष तौर इवीएम के हैंडस्आन का निरीक्षण करते हुए डू एंड डांट्स को याद कर लेने की बात कही।
जिलाधिकारी ने लिया कर्मियों के वोटिंग का जायजा
शहर के कुल 10 केंद्रों पर प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। जिनमे एलएनबी और बी सेमिनरी पर वोटिंग के लिए फेस्लिटेशन सेंटर बनाए गए हैं। जहाँ सभी 10 विधानसभा के लिए अलग अलग बूथ का निर्माण किया गया है। उनके लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी और कर्मियों की अलग-अलग प्रतिनियुक्ति की गयी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अमन समीर ने दोनों केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेंटर पर आवश्यक व्यवस्था, बूथ का ले-आउट, गोपनीयता बनाए रखने की व्यवस्था, वोटिंग कर्मियों के कार्य और दायित्व, वीडियोग्राफी आदि कार्यों का निदेश दिया। उन्होंने जिला कोषागार का भी निरीक्षण कर जरूरी निदेश दिया। साथ में डीडीसी यतेंद्र कुमार पाल मौजूद थे। ज्ञात हो कि मतदान कर्मियों ने प्रथम प्रशिक्षण के समय फॉर्म 12 के द्वारा पोस्टल बैलेट से मतदान करने के लिए आवेदन किया था। इसकी स्वीकृति के पश्चात उनका मतदान आज प्रारम्भ किया गया। कर्मियों को सूची में नाम और पहचान के आधार पर बैलेट पेपर प्रदान किए जा रहे हैं। जिनपर उनके चिन्हित कर वोट देने के बाद एक लिफाफे में सील कर बैलेट बॉक्स में डाला जा रहा है। वोटिंग शनिवार तक उपरोक्त दोनों केंद्रों पर जारी रहेगी। वोटिंग का समय सुबह नौ बजे से संध्या पांच बजे तक निर्धारित है। समय समाप्ति के बाद बैलेट बॉक्स कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में जिला कोषागार में लाए जाएंगे। जहां लिफाफे में सील मतों को विधान सभावार सील कर दिया जाएगा। जिन्हें मतगणना के दिन निकाल कर काउंटिंग सेंटर पर गिनती के लिए भेजा जाएगा।

