16 निजी नियोजकों ने 1877 रिक्तियों के साथ लिया भाग, लगभग 650 युवक-युवतियां हुए शामिल।
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)29 सितंबर।जिला प्रशासन एवं श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, दुमका द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत तृतीय एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन 29 सितंबर 2026 को सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), दुमका परिसर में किया गया। रोजगार मेला पूर्वाह्न 10:30 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए गए।
1877 रिक्तियों के साथ 16 निजी नियोजकों ने लिया भाग
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के कुल 16 नियोजकों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 1877 रिक्तियों की जानकारी अभ्यर्थियों के साथ साझा की गई। मेले में लगभग 650 आवेदक एवं आवेदिकाएं शामिल हुए तथा विभिन्न पदों के लिए कंपनियों द्वारा कुल 193 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं 412 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के द्वितीय चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
नियोजनालय द्वारा रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं
सहायक निदेशक (नियोजन), दुमका द्वारा रोजगार मेले में उपस्थित अभ्यर्थियों को नियोजनालय के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न नियोजकों द्वारा बारी-बारी से अपने यहां उपलब्ध रिक्तियों, पदों, कार्य की प्रकृति, सेवा शर्तों एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
नियोजक एवं रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाने का कार्य
रोजगार मेला के माध्यम से नियोजनालय द्वारा निजी क्षेत्र के नियोजकों एवं रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियों को एक मंच पर लाने का कार्य किया जाता है। अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं इच्छानुसार विभिन्न नियोजकों द्वारा उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त होती है तथा वे संबंधित पदों के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल होते हैं। नियोजनालय द्वारा समय-समय पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी www.jharniyojan.jharkhand.gov.in, जिला के दैनिक समाचार पत्रों तथा dumka.nic.in पोर्टल के माध्यम से भी प्रदर्शित की जाती है।
अधिकारियों एवं कर्मियों की रही उपस्थिति
रोजगार मेले में नियोजन पदाधिकारी, अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दुमका संदीप किस्पोट्टा, श्रम अधीक्षक, दुमका सूरज कुमार हांसदा, सरकारी ITI के प्राचार्य एवं प्रशिक्षण पदाधिकारीगण, प्रधान लिपिक कंचन माला किस्कू, उच्च वर्गीय लिपिक काशीनाथ हांसदा, बद्रीनाथ पाण्डेय, जय प्रकाश सिन्हा, सूरज कुमार, अरुण कुमार मंडल, पंकज कुमार मंडल सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

16 निजी नियोजकों ने 1877 रिक्तियों के साथ लिया भाग, लगभग 650 युवक-युवतियां हुए शामिल।