
RKTV NEWS/पटना (बिहार)03 अगस्त।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के पटेल भवन स्थित गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग तथा राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा कार्य पद्धतियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राज्य में वर्षापात की स्थिति, नदियों के जलस्तर तथा फसल आच्छादन की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र बहुत उपयोगी केन्द्र है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 24 घंटे संचालित यह केन्द्र बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है जिसका लाभ राज्य के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छी वर्षा होने से किसानों को रोपनी कार्य में फायदा हो रहा है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर संबंधित अधिकारी अलर्ट मोड में रहें तथा एस.ओ.पी. के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें।
