राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने हेतु विभिन्न विधाओं के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों का किया जाएगा चयन

नशामुक्त बिहार अभियान के तहत पदाधिकारियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित श्रोताओं ने ली नशामुक्ति की शपथ।
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )30 अक्टूबर।कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन, भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज नागरी प्रचारिणी सभा, आरा में जिला स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक, भोजपुर अवधेश दीक्षित उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने युवा महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं को अपनी कला एवं कौशल को निरंतर निखारने तथा जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
महोत्सव के दौरान समूह लोक नृत्य, समूह लोक गायन, चित्रकला (पेंटिंग), कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक विधाओं में जिले के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
महोत्सव की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भोजपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने हेतु किया जाएगा। इससे जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य स्तर पर अपनी कला एवं क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त बिहार अभियान के तहत नशे के दुष्परिणामों के प्रति युवाओं एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित पदाधिकारियों, प्रतिभागियों एवं श्रोताओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों, कला प्रेमियों एवं दर्शकों की सहभागिता रही।

