RK TV News
खबरें
Breaking News

भोपाल:36 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद मानव संग्रहालय के जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार सेवानिवृत्त।

भव्य विदाई समारोह में महापौर मालती राय सहित गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी भावभीनी विदाई।
संग्रहालय और कर्मचारी हितों में उनके योगदान को किया याद।

भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)01 नवंबर।संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत भोपाल स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार 36 वर्षों की उत्कृष्ट, निष्ठापूर्ण और समर्पित सेवाओं के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर संग्रहालय परिसर में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और परिवारजनों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
श्री परिहार ने वर्ष 1990 में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। अपने 36 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों के दूर-दराज के क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां की समृद्ध लोक एवं जनजातीय परंपराओं, जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत का दृश्य-श्रव्य दस्तावेजीकरण किया। उनका यह कार्य संग्रहालय की अमूल्य धरोहर के रूप में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
अपने सेवाकाल में श्री परिहार ने सिनेमा एवं वीडियो प्रोडक्शन यूनिट, कला, मॉडलिंग और फोटोग्राफी के प्रभारी अधिकारी के साथ जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके अलावा वे मुख्य लोक सूचना अधिकारी (CPIO), प्रशासनिक अधिकारी, आहरण एवं संवितरण अधिकारी (DDO) तथा वाहन एवं यात्रिकी अनुभाग के प्रभारी भी रहे।
कर्मचारी हितों के लिए ऐतिहासिक कानूनी संघर्ष
श्री परिहार का योगदान केवल प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहा। वे कर्मचारियों के अधिकारों के प्रबल पैरोकार भी रहे। वे कर्मचारी एवं अधिकारी एसोसिएशन के प्रथम अध्यक्ष निर्वाचित हुए और कर्मचारियों को पेंशन लाभ दिलाने के लिए कानूनी संघर्ष किया। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर ने सभी कर्मचारियों को पेंशन लाभ प्रदान करने का ऐतिहासिक आदेश दिया। इसके अतिरिक्त वे सहकारी साख समिति के प्रथम अध्यक्ष भी चुने गए और कर्मचारियों के वित्तीय कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
महापौर मालती राय ने की बहुआयामी व्यक्तित्व की सराहना
विदाई समारोह में भोपाल की महापौर मालती राय ने श्री परिहार के बहुआयामी व्यक्तित्व, कार्यशैली और सामाजिक सरोकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री परिहार ने शासकीय जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया और कला, संस्कृति, प्रशासन तथा कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में भी अमूल्य योगदान दिया। वे सामाजिक कार्यों में भी सदैव सक्रिय रहे हैं।
संग्रहालय के निदेशक डॉ. अमिताभ पांडे ने कहा कि हेमंत परिहार द्वारा ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ की गई शासकीय सेवा अनुकरणीय है। उन्होंने उनके सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए कहा कि अब वे अपना बहुमूल्य समय परिवार को भी दे सकेंगे।
संग्रहालय के पूर्व निदेशक डॉ. के.के. मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. पी. शंकर राव सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल और योगदान को याद किया। संग्रहालय के पूर्व निदेशक डॉ. के.के. चक्रवर्ती (आईएएस) तथा एनआईडी भोपाल की निदेशक डॉ. विद्या राकेश ने भी अपने शुभकामना संदेश प्रेषित किए।
समारोह में श्री परिहार की धर्मपत्नी शकुन, पुत्र जयंत, पुत्री हर्षिता, बहन, बहनोई सहित परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में मित्रगण उपस्थित रहे। महापौर मालती राय के साथ पार्षद एवं जोन अध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता, विमलेश ठाकुर, अशोक वाणी, प्रदीप शेखावत, उपेन्द्र तोमर, कमलेन्द्र सिंह, अतुल शर्मा, डीएसपी वीरेंद्र सिंह और ओपी सेन सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में सहभागिता की। मध्य प्रदेश राजपूत समाज, अशोका जन कल्याण विकास समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्री परिहार के मिलनसार, मृदुभाषी व्यक्तित्व, सहयोगी स्वभाव और सभी के लिए सदैव तत्पर रहने की भावना की सराहना की। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखी और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की गई।
‘यह संग्रहालय मेरा परिवार है’
अपने विदाई संबोधन में हेमंत बहादुर सिंह परिहार भावुक हो उठे। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि परिवार की तरह रहा है। इस संस्थान ने उनके जीवन को संवारने में सहयोग दिया और उन्हें बहुत कुछ सीखने तथा करने के अवसर प्रदान किए। उन्होंने संग्रहालय से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन डॉ. मोहम्मद रेहान ने किया। समारोह आत्मीयता, सम्मान और भावुक स्मृतियों के बीच संपन्न हुआ।

Related posts

भोजपुर:नगर रामलीला समिति के तत्वाधान में निकाली गई शोभायात्रा, सैकड़ों लोग हुए शामिल।

rktvnews

पूर्वी सिंहभूम:उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में नागरिकों की समस्याएं सुनी।

rktvnews

साइक्लोथॉन में महेंद्रगढ़ जिले से होगी बहुत बड़ी जन भागीदारी : उपायुक्त मोनिका गुप्ता

rktvnews

प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव पर निकली आकर्षक शोभायात्रा और दिखा अभूतपूर्व उत्साह।

rktvnews

संस्कृति भवन आरा का पुनर्निर्माण कार्य आरंभ।

rktvnews

दरभंगा:मुख्यमंत्री ने दरभंगा में 3463.2 करोड़ रुपये लागत की कुल 97 योजनाओं का किया उद्घाटन / शिलान्यास, लाभुकों से किया संवाद।

rktvnews

Leave a Comment