आरा/भोजपुर (नरेंद्र सिंह)21 अप्रैल। आरा रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम के योद्धा बाबू कुंवर सिंह की प्रतिमा का अनावरण राजनीति का शिकार बन बैठा है तभी तो राष्ट्रीय सवर्ण क्रांति सेना और कुंवर सेना ने घोषणा कर दी है की 23 अप्रैल यानी वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव के दिन हमलोग प्रतिमा का अनावरण माल्यार्पण के साथ करेंगे चाहे पुलिस प्रशासन का हमें विरोध का सामना ही क्यों न करना पड़ें।

बगावत की यह लहर क्या जिला और पुलिस प्रशासन या फिर पूर्व सांसद आर के सिंह और वर्तमान सांसद सुदामा प्रसाद झेल पायेंगे?
निवर्तमान सांसद आर के सिंह की पहल पर आरा रेलवे स्टेशन परिसर में बड़े ताम झाम से कुंवर सिंह की प्रतिमा स्थापित हुई।लेकिन इस बीच लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री सह आरा सांसद आर के सिंह को माले प्रत्याशी सुदामा प्रसाद से हार का सामना करना पड़ा। तब से प्रतिमा अनावरण को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। पहले आगे फिर पीछे बाबू कुंवर सिंह की प्रतिमा को किया गया और पुरानी मेटल की प्रतिमा को तत्कालीन सांसद ने रिजेक्ट कर दिया जो आज भी आरा रेलवे स्टेशन के मालगोदाम समीप अवस्थित रेलवे के आई ओ डब्लू कार्यालय परिसर में उपेक्षित रूप में रखा गया है।

मजेदार बात यह है कि सुरक्षित जगह रखने के बावजूद मेटल से बनी प्रतिमा का तलवार गायब है। आज इसकी जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय सवर्ण क्रांति सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम सिंह ने अपने सहयोगियों मनजीत सिंह,जितेंद्र सिंह,पप्पू सिंह,मन जी सिंह,अजय सिंह,अशोक सिंह,राजू दुबे आदि ने उस प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और प्रतिमा के रख रखाव पर नाराजगी जाहिर की।
दूसरी ओर प्रतिमा के अनावरण के सवाल पर स्टेशन प्रबंधक एन के राय स्टेशन मास्टर आदि ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली।
ऐसे में एक तथ्य सामने उभर कर आया है की 19 फ़रवरी 2025 को तय हुआ था कि भाजपा के केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्चुअली इस प्रतिमा का 19 फ़रवरी को अनावरण करेंगे और प्रतिमा स्थल पर आरा पूर्व सांसद आर के सिंह और केंद्रीय मंत्री नित्यानन्द राय रहेंगे पर मूर्ति अनावरण को लेकर हुए विवाद के बीच यह मामला खटाई में पड़ गया क्योंकि आरा के माले के वर्तमान सांसद सुदामा प्रसाद ने प्रतिमा को ठीक कराने और अन्य कई मामलों पर केंद्र सरकार से नाराजगी व्यक्त कर दी थी। साथ ही शीघ्र अनावरण करने की मांग भी उठाई थी।क्षेत्र में चर्चा है की इन दोनों के बीच उभरे विवाद को लेकर कुंवर सिंह की जयंती पर भी प्रतिमा का अनावरण नहीं हो पायेगा।

इस बीच राष्ट्रीय कुंवर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्मल सिंह शक्रवार और राष्ट्रीय सवर्ण क्रांति सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम सिंह ने घोषणा कर दी है की अब हमलोग बाबू साहेब की प्रतिमा को राजनीति का शिकार नहीं होने देंगे और कुंवर सिंह की जयंती 23 अप्रैल 2025 को प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अनावरण कर देंगे।क्योंकि बाबू कुंवर सिंह देश की आजादी के नायक थे न कि किसी पार्टी के।
मालूम हो कि इस प्रतिमा का निर्माण पावर एनर्जी कंपनी आर ई सी,महाराष्ट्र कंपनी अंडर द एडमेजरेस्टिक कंट्रोल से हुआ था जो केंद्र सरकार के अधीन है।
बहरहाल कुछ भी हो निवर्तमान और वर्तमान सांसद के राजनीति का शिकार हो गया है बाबू साहब की प्रतिमा का अनावरण।
