
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 24 फरवरी। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के आरा-बक्सर नैशनल हाईवे पर इटवां गाँव के समीप महाकुम्भ से लौट रही कार अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से टकरा गई जिससे कार चालक एलआईसी एजेंट की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि कार पर सवार मृतक की पत्नी, पुत्र, पुत्री एवं सास समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। टक्कर इतना जबरदस्त था कि स्विफ्ट डिजायर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कुमार रजनीकांत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल भेजवाया जहाँ उनका इलाज कराया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक पटना जिला के मनेर थाना क्षेत्र के दरवेसपुर गाँव निवासी स्व.प्रयाग साव के 41 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार बताये जाते हैं। वे पेशे से एलआईसी एजेंट थे। घायलों मे उनकी पत्नी अंजू गुप्ता, पुत्र सचिन कुमार, पुत्री सानिया कुमारी और मालसलामी थाना क्षेत्र के पटना सिटी निवासी अशोक साव की पत्नी व मृतक की सास मीना देवी शामिल हैं। मृतक के चाचा सतेन्द्र साह ने बताया कि उनका भतीजा संतोष कुमार गुप्ता, अपनी पत्नी अंजू गुप्ता, पुत्र सचिन कुमार, पुत्री सानिया कुमारी एवं सास मीना देवी के साथ शुक्रवार को अपने स्विफ्ट डिजायर कार से खुद ड्राइव करके उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महाकुम्भ में स्नान करने के लिए गये थे। शनिवार की रात सभी लोग प्रयागराज से वापस पटना लौट रहे थे। संतोष कुमार गुप्ता ही कार चला रहे थे। रविवार की अहले सुबह जैसे ही उनकी कार शाहपुर के इटवां गाँव के समीप पहुँची तभी अचानक उनके कार के सामने मवेशी आ गया। जिसके कारण उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे जा रही अज्ञात वाहन से टकरा गई। जिसमें संतोष कुमार गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
