आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)24 अगस्त।गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के तटीय गांवों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए बड़हरा विधायक सह पूर्व मंत्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को बड़हरा प्रखंड कार्यालय में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।बैठक के दौरान विधायक ने क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर की स्थिति और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को तटीय एवं संवेदनशील गांवों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने का निर्देश दिया।विधायक ने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों तक राहत एवं बचाव कार्य समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने को कहा।
बैठक में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, राहत एवं बचाव व्यवस्था, नावों की उपलब्धता, आवश्यक दवाओं, पेयजल, पशुओं के लिए चारा तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई।विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार निगरानी रखें और स्थिति गंभीर होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाएं, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


