स्कूली बच्चों के लिए भोजपुरी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन रजत जयंती महोत्सव में।
RKTV NEWS/ आरा (भोजपुर)01 नवंबर।भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान, आरा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस साल रजत जयंती महोत्सव लोकरस रंग सह सम्मान समारोह में नाटक, गायन की अन्य प्रस्तुतियों के साथ भोजपुरी की पारंपरिक लोक विरासत को सहेजने तथा नई पीढ़ी को स्थानीय लोकसंस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से पारंपरिक गोंड नाच तथा आल्हा गायन का भी प्रदर्शन भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच, पटेल बस पड़ाव परिसर से किया जाएगा। महोत्सव की प्रस्तावित तिथि आगामी 15 से 18 दिसंबर तय की गई है। इसकी जानकारी आज संस्थान के सदस्यों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वामी विक्रमादित्य ने दी। उन्होंने बताया कि गोंड नाच प्रस्तुति के लिए गायक अविनाश पांडेय लव बाबा तथा आल्हा गायन के लिए संयोजक आदित्य यादव होंगे। इसके अलावा स्कूली छात्रों के लिए भोजपुरी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसके संयोजक चित्रकार रौशन राय होंगे। इसके लिए विभिन्न विद्यालयों से संपर्क किया जाएगा। चित्रकला के अलावा नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के लिए भी विद्यालयों से संपर्क कर अनुरोध किया जाएगा। स्कूली छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करने का दायित्व शिक्षकों मुन्ना राय और धनंजय कुमार कटकैरा को दिया गया। आज के बैठक का संचालन संस्थान के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र सिंह ने किया। बैठक में रजत जयंती महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजन सचिव रवि प्रकाश सूरज, व्यास कमलेश पासवान, धनंजय कुमार कटकैरा, बिनोद कुमार सिंह, कुमार शीलभद्र, विजय कुमार सिंह, मुन्ना राय, वरिष्ठ रंगकर्मी सरफराज अहमद ने अपने बहुमूल्य विचार दिए। बैठक के अंत में व्यास कमलेश पासवान ने भिखारी ठाकुर रचित गीत की सुमधुर प्रस्तुति दी तथा नरेंद्र सिंह ने नगर के सभी सुधीजनों से समारोह को सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।

