
RKTV NEWS/सलेमपुर(बलिया)12 अक्टूबर।रामलीला कमेटी ईसारी सलेमपुर के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में पुत्रेष्टि यज्ञ और प्रभु श्रीराम के जन्म का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीराम के जन्म की कथा को जीवंत कर दिया, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।
मंचन के दौरान पुत्र प्राप्ति की अभिलाषा से राजा दशरथ ने अपने गुरु महर्षि वशिष्ठ की आज्ञा पर श्रृंगी ऋषि को अयोध्या बुलवाया। राजा दशरथ ने ऋषि से पुत्रेष्टि यज्ञ संपन्न कराने का अनुरोध किया। इसके बाद श्रृंगी ऋषि ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया। यज्ञ से प्राप्त हवि को राजा दशरथ ने अपनी रानियों को दिया। इसके फलस्वरूप भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का जन्म हुआ। चारों राजकुमारों के जन्म से पूरी अयोध्या नगरी में खुशियां छा गईं और अवधवासी प्रसन्नता से झूम उठे।
रामलीला में श्रृंगी ऋषि की भूमिका डॉ. आदित्य कुमार अंशु ने निभाई। वहीं ऋषि की भूमिका में दिलीप राय, राजा दशरथ की भूमिका में शिवरंजन सिंह और सुमंत की भूमिका में अजय ठाकुर ने अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। अन्य कलाकारों में आशीष सिंह, प्रियांशु मिश्रा, राकेश सिंह और सुशील राय सहित कई कलाकार शामिल रहे।
रामलीला का संचालन श्री टनमन सिंह ने किया। सलेमपुर की यह रामलीला लगातार 15 दिनों तक चलती है।
