
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)25 नवंबर।स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल के द्वारा शास्त्रीय गायक सह वाग्येकार पंडित दूधेश्वर लाल स्मृति संगीत समारोह आयोजित किया गया । इस समारोह का उद्घाटन शास्त्रीय गायक डॉ. ओम प्रकाश नारायण सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया । इस अवसर पर पंडित दूधेश्वर लाल के सांगीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए गुरु बक्शी विकास ने कहा कि दूधेश्वर लाल जी गायन की कला में निपुण होने के साथ साथ शास्त्रीय संगीत में नई बंदिशों के रचनाकार भी थे ।
संगीत समाज में उनकी वाग्येकार के रूप में पहचान थी । आज भी उनकी शिष्य परंपरा कायम है । इस समारोह में तबला वादक श्री सुबोध रंजन ने स्वतंत्र तबला वादन बनारस बाज सुनाकर दर्शकों मंत्रमुग्ध कर दिया । वही आरा की युवा गायिका श्रेया पांडेय ने राग मुलतानी में एकताल व तीनताल की बंदिश, युवा गायक श्री अजीत पांडेय ने राग वृंदावन सारंग में झपताल एवं तीनताल की बंदिश व दादरा “बैरन घर ना जा मोरे सैया” प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी । गायिका सागरिका सरगम ने राग अड़ाना में बड़ा ख्याल, छोटा ख्याल व तराना प्रस्तुत कर तालियां बटोरी । वही कोलकाता से पधारी नृत्यांगना मोनिदीपा बैनर्जी ने तीनताल में व भागलपुर से पधारी नृत्यांगना सोनम कुमारी ने धमार ताल में उपज, थाट, आमद, परन व तिहाइयाँ प्रस्तुत कर समां बाँधा ।
वही शास्त्रीय गायिका विदुषी बिमला देवी ने राग मारू बिहाग में पंडित दूधेश्वर लाल की बंदिश अब मोहे भाये पिया की सुरतिया व पनघटवा छेड़त मोहे कान्ह कुंवर की प्रस्तुति से श्रोताओं का मन मोहे लिया । वही गणेश प्रसाद ने राग मारू विहाग प्रस्तुत किया । तबले पर श्री शिवनंदन प्रसाद श्रीवास्तव ने संगत किया । मंच संचालन गुरु बक्शी विकास व धन्यवाद ज्ञापन कृष्ण नंदन प्रसाद श्रीवास्तव ने किया ।
