
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार)26 नवंबर।उच्च माध्यमिक विद्यालय भोजपुर जदीद में संविधान दिवस उत्साह और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्त्व, उसके मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चेतना सत्र के दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और विद्यार्थी एक साथ खड़े होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इसके माध्यम से बच्चों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों की जानकारी दी गई। तत्पश्चात् राष्ट्रगान गाया गया।
लंच के बाद संविधान के मूल सिद्धांतों पर आधारित चित्रकला, भाषण और क्विज़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक संजीव कुमार छात्र छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का निचोड़ बताते हुए इसे संविधान की आत्मा बताएं।शिक्षक प्रमोद कुमार उपाध्याय ने संविधान निर्माताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।मीरा सिंह मीरा ने मौलिक कर्तव्यों के प्रति सजग होकर अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कही। कार्यक्रम में सौरभ कुमार ,शैलेश पांडे, प्रीति सिंह,हुस्ना बानो, नीतू सिंह,दिव्यांशी प्रभा सहित सभी शिक्षक- शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिताओं में प्रियंका, सलोनी, साक्षी, लक्ष्मी, रोशनी, अंजु, अंशु, मारिया, सोनी, मलिका, खुशी और शिवानी सहित छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में संविधान निर्माण, संविधान सभा, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की प्रस्तावना से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
मारिया और अंजू ने संविधान पर भाषण देते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं, साक्षी, सलोनी, लक्ष्मी, आरुषि और रोशनी ने चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से संविधान की प्रस्तावना, राष्ट्रीय एकता, सामान्य से परिवार, अधिकार और कर्तव्य जैसे विषयों को चित्रों एवं रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
इस प्रकार विद्यालय में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
