यशोभूमि, नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय आयोजन में उद्योग विभाग की भागीदारी; वैश्विक निवेशकों एवं उद्योग जगत के साथ संवाद।
RKTV NEWS/पटना (बिहार)17 सितंबर।बिहार सरकार का उद्योग विभाग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन (IESA) द्वारा 17 से 19 सितंबर 2026 तक यशोभूमि, नई दिल्ली में आयोजित SEMICON India 2026 में भाग ले रहा है। बिहार के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मनोज कुमार सिंह, रेजिडेंट कमिश्नर, बिहार एवं अमन समीर, निदेशक, एमएसएमई, उद्योग विभाग, बिहार सरकार कर रहे हैं।
इस आयोजन के माध्यम से बिहार द्वारा सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में उभरती संभावनाओं, नीतिगत सहयोग और निवेश के अवसरों को देश-विदेश के उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत अमेरिका और जापान के हितधारकों के साथ राउंडटेबल चर्चा आयोजित की गई, जिसमें सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा में बिहार के औद्योगिक इकोसिस्टम, नीतिगत ढांचे तथा राज्य में सेमीकंडक्टर एवं संबद्ध विनिर्माण क्षमताओं के विकास की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने Business-to-Government (B2G) बैठकों में भी भाग लिया, जिसमें निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ संभावित निवेश, क्षेत्रवार अवसरों तथा निवेश को सुगम बनाने के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध सहयोग पर चर्चा की गई।
आयोजन के दौरान बिहार की Semiconductor Policy 2026 के साथ राज्य में विकसित हो रहे औद्योगिक आधारभूत ढांचे और निवेश-केंद्रित दृष्टिकोण को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके माध्यम से सेमीकंडक्टर एवं संबद्ध क्षेत्रों में निवेश और औद्योगिक सहयोग के अवसरों को रेखांकित किया जा रहा है।
SEMICON India 2026 में बिहार की भागीदारी के माध्यम से वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के साथ राज्य के जुड़ाव को मजबूत किया जा रहा है तथा बिहार में निवेश, तकनीकी साझेदारी और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के अवसर तलाशे जा रहे हैं।

