
RKTV NEWS/ आरा (भोजपुर)02 अक्टूबर।जिलाधिकारी, भोजपुर, मनेश कुमार मीणा ने 46वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने वाली भोजपुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी संस्कृति राज से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने संस्कृति राज की उपलब्धि को जिले एवं बिहार के लिए गौरवपूर्ण बताया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में चयनित भोजपुर जिले के खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। चयनित खिलाड़ियों में इंडियन राउंड के बालिका वर्ग में पूजा कुमारी, सपना कुमारी, संस्कृति राज एवं सोनी कुमारी तथा बालक वर्ग में आयुष कुमार, पियूष केसरी, शुभम कुमार एवं श्रेयस कुमार शामिल हैं। वहीं, रिकर्व राउंड में शुभम कुमार एवं समर्थ कुमार का चयन हुआ है।
जिलाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा निखारने तथा भविष्य में और बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
भोजपुर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में तीरंदाजी के प्रति बढ़ती रुचि एवं खेल प्रतिभाओं की क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
