
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )17 सितंबर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर छात्र संगठन आइसा एवं इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ने गुरुवार को राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मार्च निकाला। मार्च भाकपा-माले जिला कार्यालय से शुरू होकर सरदार पटेल बस पड़ाव के समीप पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। सभा में बेरोजगारी, बिहार में बाढ़ से उत्पन्न संकट और युवाओं के रोजगार से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया गया।
सभा का संचालन आइसा जिला सचिव ज्यशंकर प्रसाद ने किया। सभा का संचालन करते हुए उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी दर चरम पर है और मोदी सरकार विकाश की ढोल पीट रही है देश के युवाओ के पास अपना जन्मदिन मनाने के लिए सोचना पड़ रहा है और मोदी जी 76 साल के उमर में अपने जन्मदिन के अवसर पर दीपोत्सव करवा रहे है।
अगिआंव के पूर्व विधायक शिवप्रकाश रंजन ने कहा कि जब बिहार का बड़ा हिस्सा बाढ़ की मार झेल रहा है और देश का युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है, ऐसे समय में केवल उत्सव और प्रतीकात्मक कार्यक्रमों के बजाय सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठना स्वाभाविक है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा ‘दिया जलाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, लेकिन युवाओं के सामने असली सवाल रोजगार, भर्ती और भविष्य की सुरक्षा का है। रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, बैंक सहित विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने की जरूरत है। बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में बिहार के युवाओं का दूसरे राज्यों की ओर पलायन जारी रहना गंभीर सामाजिक-आर्थिक प्रश्न है। सरकार को रोजगार, शिक्षा, परीक्षा व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा के सवालों पर ठोस कदम उठाने चाहिए।
आइसा जिलाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि आज देश के छात्र-नौजवानों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें रोजगार कब मिलेगा। एक तरफ भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘दिया जलाओ’ कार्यक्रम चला रही है, वहीं दूसरी तरफ युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं बिहार में बाढ़ से बड़ी आबादी प्रभावित है और दूसरी ओर बेरोजगार युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। ऐसे समय में सरकार को युवाओं और बाढ़ पीड़ितों से जुड़े वास्तविक सवालों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी रिक्तियों को सार्वजनिक कर नियमित बहाली शुरू की जाए, भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी हो तथा लंबित नियुक्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के सवालों को प्राथमिकता दिए बिना युवाओं के भविष्य की सुरक्षा संभव नहीं है।
इंकलाबी नौजवान सभा के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘दिया जलाओ’ कार्यक्रम अपनी जगह हो सकता है, लेकिन देश के बेरोजगार युवाओं के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनके जीवन में रोजगार की रोशनी कब आएगी। बिहार इस समय बाढ़ की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हैं। ऐसे समय में राहत, पुनर्वास और रोजगार जैसे सवालों पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। युवा नौकरी के लिए आवेदन करने, परीक्षाओं की तैयारी करने और वर्षों तक परिणाम का इंतजार करने को मजबूर हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से रिक्त सरकारी पदों पर तत्काल बहाली, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा समयबद्ध नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को अपने राज्य में रोजगार के अवसर मिलें, इसके लिए उद्योग, सार्वजनिक क्षेत्र और स्थानीय रोजगार के अवसरों को मजबूत करने की जरूरत है।
आइसा नेत्री वर्षा कुमारी ने कहा कि बेरोजगारी का असर युवतियों और महिलाओं पर भी पड़ता है। रोजगार में समान अवसर और सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
जिला सह सचिव रौशन कुशवाहा ने कहा कि युवाओं को रोजगार के नाम पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध नियुक्तियां चाहिए। सरकारी विभागों में रिक्त पदों को सार्वजनिक कर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।
चंदन दास ने कहा कि शिक्षा और रोजगार छात्र-नौजवानों के भविष्य से जुड़े बुनियादी सवाल हैं। भर्ती परीक्षाओं को समय पर आयोजित कर लंबित नियुक्तियों को शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।
सभा में आइसा और आरवाईए के नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी, शिक्षा, बाढ़ राहत और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर छात्र-नौजवानों के बीच अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम में शामिल थे RYA राज्य सचिव शिवप्रकाश रंजन जी, माले जिला कार्यालय सचिव दिलराज प्रीतम, माले नगर सचिव सुधीर सिंह जी, RYA जिला अध्यक्ष विशाल जी,आइसा जिला अध्यक्ष विकाश जी , आइसा जिला सह सचिव रौशन जी ,साहिल जी ,चंदन जी , विवेक जी,सागर जी गौतम जी,अनूप जी,अखिलेश जी,गोलू जी, रितेश जी, विद्या जी , वर्षा जी,सुमित, भाकपा माले नेता राजू जी, राजेंद्र जी, विकाश राजा, संत विलाश जी, प्रमोद जी,रणधीर जी, बबलू जी आदि।
