प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक समाहरणालय परिसर में होगा आयोजन।
जिलाधिकारी की जिले के सभी इच्छुक उद्यमियों से अपील, ऑन स्पॉट होगा समस्याओं का समाधान।
RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)04 जनवरी।जिलाधिकारी, वैशाली वर्षा सिंह के निर्देशानुसार जिले में औद्योगिक विकास को सुदृढ़ करने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से “उद्यमी संवाद कार्यक्रम” का नियमित आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह गुरुवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक समाहरणालय परिसर, जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित किया जाएगा।
उद्यमी संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं बड़े उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी व्यावहारिक समस्याओं को समझना तथा उद्योगों की स्थापना, संचालन एवं विस्तार के लिए आवश्यक प्रशासनिक, तकनीकी एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी ने कहा है कि जिले में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र, वैशाली के महाप्रबंधक द्वारा बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज सहित राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न औद्योगिक एवं रोजगारोन्मुखी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उद्यमियों को प्रदान की जाएगी। इससे उद्यमियों को अनुदान, सब्सिडी, कर प्रोत्साहन एवं अन्य सरकारी सुविधाओं की समुचित जानकारी प्राप्त हो सकेगी तथा नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
उद्यमियों द्वारा विशेष रूप से बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत संरचना की कमी, जलजमाव, सड़क एवं विद्युत व्यवस्था, मेंटेनेंस चार्ज सहित अन्य समस्याओं को उठाए जाने की संभावना है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इन सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना जाएगा तथा संबंधित विभागों को त्वरित एवं ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि उद्योगों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया है कि उद्यमी संवाद कार्यक्रम में सम्बंधित विभाग के सभी पदाधिकारी के अतिरिक्त जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी (ट्रैफिक), नगर कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पीएचईडी, बुडको एवं ब्रेडा के पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इससे उद्यमियों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन होगा।
जिलाधिकारी ने वैशाली जिले के सभी इच्छुक उद्यमियों से अपील की है कि वे इस साप्ताहिक उद्यमी संवाद कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लें, अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत करें तथा जिले के औद्योगिक विकास, निवेश वृद्धि एवं रोजगार सृजन में सहभागी बनें।

