
आरा/ भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)02 जनवरी। नए साल पर आरा के प्रसिद्ध माँ आरण्य देवी मंदिर में भक्तों की सबसे लंबी कतार देखी गई। सुबह ठीक 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते कतारें लंबी होती चली गईं और माँ आरण्य देवी के दर्शन के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रही। कई भक्त सुबह-सुबह ही परिवार के साथ पहुंचे, तो बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा भी कतार में नजर आए। माँ आरण्य देवी मंदिर ट्रस्ट के सदस्य, समाजसेवी एवं पूर्व वार्ड पार्षद अशोक सिंह ने बताया कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश, प्रसाद चढ़ाने और सुरक्षित रूप से बाहर निकलने के लिए समुचित इंतजाम मौजूद थे।साथ ही, जिला प्रशासन की तरफ से भी भरपूर सहयोग मिला, जिससे भीड़ के बावजूद व्यवस्था सुचारु बनी हुई थी।सुरक्षा, सफाई और कतार प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया था ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त तैयारी के कारण हालात पूरी तरह नियंत्रण में थे और भक्त शांतिपूर्वक माँ के दर्शन कर पाए।भारी भीड़ के बावजूद पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा। जय माता दी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालुओ ने माँ आरण्य देवी से सुख-समृद्धि की कामना की।
