
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 12 सितम्बर। भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र और बिहिया अंचल के रानीसागर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह तथा पूर्व सरपंच हरि नारायण सिंह ने रानीसागर पंचायत को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने के संबंध मे जिला पदाधिकारी, भोजपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मे लिखा गया है कि रानीसागर पंचायत का कुंडेश्वर तथा भेड़िया गाँव आंशिक रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित होता रहा है। लेकिन इस बार अंचल कार्यालय बिहिया द्वारा बाढ प्रभावित पंचायत की जो सूची जारी की गई है, उसमें रानीसागर पंचायत का नाम नहीं है। इससे इस पंचायत के बाढ़ प्रभावित लोग काफी दुखी हैं। जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा से जांचोंपरांत अंचल पदाधिकारी, बिहिया को आदेश देकर रानीसागर पंचायत को भी आंशिक रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने का आग्रह किया गया है।
