आईपीएस अधिकारी के जीवन और साहसिक पुलिसिंग पर आधारित पुस्तक ‘खाकी वर्दी का योद्धा’ का विमोचन।
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद) 12 सितंबर। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी स्व. विजय रमन के जीवन, संघर्ष, साहसिक पुलिसिंग और पुलिस सेवा के अनुभवों पर आधारित पुस्तक ‘खाकी वर्दी का योद्धा’ का विमोचन शनिवार को दुष्यंत कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय, भोपाल में हुआ। पब्लिक रिलेशंस सोसायटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई), भोपाल चैप्टर द्वारा आयोजित समारोह में डीजीपी कैलाश मकवाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन ने किया है।
समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी मकवाना ने कहा कि स्व. विजय रमन के साहस, नेतृत्व क्षमता, बुद्धिमत्ता और पुलिस सेवा में योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। चंबल क्षेत्र में कुख्यात डाकू पान सिंह तोमर और उसके गिरोह के खिलाफ अभियान तथा आतंकवादी गाजी बाबा के विरुद्ध कार्रवाई में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कानून और कर्तव्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। कार्यक्रम में उनकी पत्नी वीना रमन, वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक गिरिजा शंकर, पूर्व डीजीपी एस.के. राउत और आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. रश्मि झा ने भी विचार व्यक्त किए। पीआरएसआई भोपाल के अध्यक्ष मनोज द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन स्व. विजय रमन की पुत्रवधू दिव्या रमन ने किया। अतिथियों ने पुस्तक का विमोचन किया। वक्ताओं ने कहा कि यह पुस्तक उनकी प्रेरणादायी पुलिस यात्रा और कार्यशैली को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

