
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)28 मई।सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार सह पत्रकार डॉ. भीम सिंह भवेश को राष्ट्रपति भवन में ‘पद्मश्री’ सम्मान से नवाजा गया। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मंगलवार की शाम उन्हें पद्मश्री अवार्ड प्रदान किया गया। डॉ.भवेश को पद्मश्री अवार्ड मिलने पर जिले में हर्ष का माहौल है। जिले के साहित्यकारो, लेखकों, पत्रकारों एवं प्रबुद्ध लोगों ने उन्हें बधाइयां दी है। पद्म श्री पुरस्कार मिलने पर डॉ. भीम सिंह भवेश ने कहा कि वे अपनी मुहिम को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। मुसहर समाज के लोगो के उत्थान के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि उदवंतनगर प्रखंड के चौराई मुसहर टोला में एक छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि मुसहर समाज के लोगो को ज्यादा से ज्यादा संख्या में मुख्य धारा से जोड़ा जाए। डॉ.भवेश को भारत सरकार द्वारा पिछले 25 जनवरी 2025 को पद्मश्री सम्मान की घोषणा की गई थी। बता दें कि आरा शहर के मदन जी का हाता निवासी डॉ.भवेश पिछले दो दशक से अधिक समय से समाज के हाशिए पर खड़ी मुसहर जाति के विकास हेतु प्रयासरत हैं। उनके इस कार्य की प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने “मन की बात” की 110वें एपिसोड में 25 फरवरी 2024 को भी की गई थी। डॉ. भवेश समाज सेवा के साथ साहित्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके द्वारा चार पुस्तके लिखी गई हैं, जिनमें “सान्निध्य का संस्मरण” “नेम प्लेट” “हाशिए पर हसरत” और “कलकत्ता से कोलकता” शामिल है। इनमें “हाशिए पर हसरत” पुस्तक मुसहर जाति के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति के संदर्भ में एक चर्चित पुस्तक है, जिसका लोकार्पण राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश जी ने किया था। उनके द्वारा एक सार्वजनिक पुस्तकालय भी बनवाया गया है।
बिहार को आप पर गर्व है- नित्यानंद राय
दिल्ली में मंगलवार की शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश की जानी-मानी हस्तियों को पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित लोगों के साथ फोटो सेशन के बाद अभी जलपान चल रहा था कि गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने अचानक डॉ भवेश के कंधे को थपथपाकर कहा कि “बधाई हो भवेश भैया, बिहार को आप पर गर्व है।” उन्होंने कहा कि मैंने पहले ही आपको फोन द्वारा बधाई दी थी। आज प्रत्यक्ष रूप से बधाई दे रहा हूॅं। श्री राय ने कहा कि 30 मई को रोहतास के बिक्रमगंज में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर आपके क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क में हूं। पुनः परसों जाना है। मंत्री श्री राय ने कहा कि वास्तव में मुसहर समाज के लोग काफी पिछड़े हुए हैं। आप एक जनोपयोगी और पुनित कार्य कर रहे हैं। इस अभियान में मेरी जहां भी जरुरत होगी, मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा।
अशोक चौधरी ने दी बधाई
पद्म सम्मान समारोह में शामिल बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने बधाई देते हुए भरपूर सहयोग का आश्वासन दिया। सूबे के मंत्री अशोक चौधरी ने डॉ. भीम सिंह भवेश को पद्मश्री अवार्ड मिलने पर बधाई दिया। उन्होंने कहा कि आपके द्वारा दी गई पुस्तक मैनें पढ़ लिया है। आरा में आपसे मिलकर आपकी दूसरी पुस्तक लूंगा। उन्होंने डॉ भवेश द्वारा मुसहर समाज के प्रति चलाए जा रहे अभियान में भरपूर सहयोग देने का आश्वासन किया।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दी बधाई
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने डॉ. भीम सिंह भवेश को पद्मश्री अवार्ड मिलने पर बधाई दी। इस दौरान डॉ. भवेश ने भी विदेश मंत्री श्री जयशंकर को पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए शुभकामनाएं दी। इस पर विदेश मंत्री ने कहा कि इसमें मेरा कोई योगदान नहीं है। मैं तो अपने कर्तव्य का निर्वहन करता हूॅं, उसमें महत्वपूर्ण भूमिका देशवासियों के हौसले का है। भारत सरकार देश-विदेश में जितने भी बेहतर कार्य कर रही है, उसमें देशवासियों का ही अहम योगदान है। उन्होंने आप जैसे लोगों से समाज को प्रेरणा मिलती है।
