
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 18 नवम्बर। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड में पैक्स चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन शाहपुर प्रखंड मुख्यालय में गहमागहमी का माहौल रहा। अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए 28 पुरुषों तथा 6 महिलाओं समेत 34 अभ्यर्थियों ने निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। अध्यक्ष पद के लिए 46 पुरुषों तथा 11 महिलाओं समेत कुल 57 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। अंतिम दिन कार्यकारिणी सदस्य पद हेतू 126 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कुल 205 अभ्यर्थियों ने कार्यकारिणी सदस्य पद हेतू कोटिवार नामांकन दाखिल किया है। इनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में हरिद्वार सिंह, राज नारायण सिंह, संजय राय, शैलेश मिश्रा उर्फ जितेश मिश्रा, जय शंभू तिवारी, राजेश कुमार पांडे आदि शामिल हैं।
