योग्यता दो — रोजगार पाओ ,बागपत का युवा बनेगा आत्मनिर्भर और सशक्त
रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश।
80 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, युवाओं को योग्यता के अनुसार मिलेंगे रोजगार के अवसर।
पंजीकरण हेतु लगाए जाएंगे विशेष स्टॉल, मिशन रोजगार के अंतर्गत युवाओं को मिलेगा रोजगार।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)26 मई।बागपत में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। यदि आपके पास योग्यता, कौशल और आगे बढ़ने का जज़्बा है, तो सफलता आपके कदम चूम सकती है। रोजगार मेलों, निजी कंपनियों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
अब समय है अपने हुनर को पहचानने का, अपनी योग्यता को साबित करने का और रोजगार के नए अवसरों को अपनाने का इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में 11 जून 2026 को स्यादवाद इंस्टीट्यूट, बागपत में आयोजित होने वाले विशाल रोजगार मेले की तैयारियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह रोजगार मेला उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन रोजगार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में लगभग 80 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों द्वारा व्यवस्थित रूप से स्टॉल लगाए जाएंगे तथा अभ्यर्थियों का पंजीकरण एवं साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं क्षमता के आधार पर चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान कर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में कोई भी पात्र युवा प्रतिभाग करने से वंचित न रहे। मेले में युवाओं की सुविधा हेतु पंजीकरण स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। सभी रिक्तियों की जानकारी पोर्टल के होम पेज पर “विभिन्न नौकरियाँ” विकल्प में उपलब्ध रहेगी।
अधिक जानकारी हेतु विभाग के टोल फ्री नंबर 155330 तथा जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार (मो. 6386856985) पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रोजगार मेले की सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि मेले में श्रम विभाग के नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अकुशल श्रमिकों को ₹11,021 तथा कुशल श्रमिकों को ₹13,580 से कम मानदेय किसी भी कंपनी द्वारा नहीं दिया जाएगा।
रोजगार मेले में वेवटैक्स, कृष्णा मारुति, पेटीएम, थ्री आई इन्फोटेक, होटल सेंट्रम, अंब्रोसिया, सिद्धि इन्फोटेक, गोयल इंक सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इसके अतिरिक्त जनपद की स्थानीय कंपनियां भी अपने स्टॉल लगाकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बागपत के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खेल, इंजीनियरिंग, तकनीकी एवं अन्य क्षेत्रों में जनपद के युवा प्रदेश और देश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोजगार मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें प्रतिभाग कर अपने कौशल एवं प्रतिभा के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर सकें।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्टाफ नर्स, टेक्नीशियन, डायग्नोस्टिक सेंटर एवं हाउसकीपिंग से संबंधित अवसर उपलब्ध कराने तथा लीड बैंक मैनेजर को बैंकिंग क्षेत्र में मल्टी टास्किंग जैसे पदों पर भर्ती सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उपायुक्त उद्योग, सहायक खाद्य आयुक्त, समस्त खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रोजगार मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं मेले में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तीरथ लाल, जिला विकास अधिकारी राहुल वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ,सहायक खाद्य आयुक्त देवेंद्र पाल सिंह, पॉलिटेक्निक प्रधानाचार्य लीड बैंक मैनेजर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

