
कोईलवर/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)02 मई।रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएनबी आरसेटी, भोजपुर द्वारा बकरी पालन पर 12 दिवसीय निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 11 मई 2026, सोमवार से प्रारंभ होगा।संस्थान के संकाय प्रेम कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बकरी पालन की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा। साथ ही रोग नियंत्रण, चारा प्रबंधन एवं उन्नत नस्ल सुधार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क होगी।भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को बैंक ऋण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी, जिससे वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें। प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच,भोजपुर जिले के स्थायी निवासी हों। स्वरोजगार में रुचि रखने वाले युवक एवं महिलाएं आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन हेतु अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र तथा 5 पासपोर्ट साइज फोटो तथा संस्थान में उपस्थित होकर कौशल पंजी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
