हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की महत्वपूर्ण कड़ी: प्रो. अमिताभ पांडेय
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)15 सितंबर।इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल में हिंदी भाषा के महत्व एवं राजभाषा के प्रति जागरूकता को लेकर ‘हिंदी पखवाड़ा 2026’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई।
इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी राजेंद्र कुमार झारिया ने गृह मंत्री के संदेश का वाचन किया, जिसमें देश के विभिन्न संस्थानों एवं दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रभावी और अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया गया। इसके पश्चात रविंद्र गुप्ता ने पखवाड़े के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।
संबोधन में संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडेय ने कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक जुड़ाव और राष्ट्रीय एकता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय कार्यप्रणाली के साथ-साथ दैनिक जीवन में भी सहजता से हिंदी अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जन संपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि ,पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य राजभाषा के प्रति सम्मान, जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रकाशन अधिकारी डॉ. मोहम्मद रेहान द्वारा किया गया।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रम:
16 सितंबर (प्रातः 11:00 बजे): हिंदी यूनिकोड टंकण प्रतियोगिता (लिपिक एवं गैर-लिपिक श्रेणी)
17 सितंबर (सायं 4:00 बजे): श्रुतलेखन प्रतियोगिता (हिंदीतर भाषियों हेतु)
18 सितंबर (सायं 4:00 बजे): लोक गायन प्रस्तुति
22 सितंबर (सायं 4:00 बजे): छायाचित्र लेखन प्रतियोगिता
23 सितंबर (सायं 4:00 बजे): राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ जयंती पर कविता रचना एवं पाठ
25 सितंबर (सायं 4:00 बजे): आलेख लेखन — ‘हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष’
29 सितंबर (सायं 4:00 बजे): प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
30 सितंबर (सायं 4:00 बजे): पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह

