
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)15 सितंबर।स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 15 सितंबर 1942 को अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए शहीद हुए अगिआंव प्रखंड के लसाढ़ी गाँव के 12 अमर शहीदों की स्मृति में आज शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को नमन किया।
कार्यक्रम में मंत्री, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, अरुण शंकर प्रसाद; सदस्य, लोकसभा, सुदामा प्रसाद; सदस्य, बिहार विधानसभा, अगिआंव, महेश पासवान; सदस्य, बिहार विधानसभा, संदेश, राधाचरण साह; सदस्य, बिहार विधान परिषद, सोनू कुमार राय; भूतपूर्व विधायक, संदेश; जिला परिषद अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा ने कहा कि लसाढ़ी के विकास को शहीदों की विरासत के अनुरूप आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। गाँव में सड़क और दूसरी जरूरी आधारभूत सुविधाओं के साथ युवाओं की शिक्षा, कौशल और रोजगार पर भी विशेष ध्यान रहेगा। शहीदों की स्मृति को गाँव के विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य से जोड़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि लसाढ़ी के अमर शहीदों का बलिदान पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। शहीदों की स्मृति को सम्मान देते हुए गाँव के विकास, बेहतर सुविधाओं और युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल एवं रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान रहेगा। उनके बलिदान से मिली प्रेरणा के साथ गाँव को आगे बढ़ाना ही सच्चा सम्मान है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने अमर शहीदों के साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि लसाढ़ी के शहीदों की गाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, साहस और समाज के विकास के लिए प्रेरणा देती रहेगी।
