पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 22 फरवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मनेर शरीफ स्थित सूफी संत हजरत सुल्तानुल मख्दूमीन सय्यिदुना शाह कमालुद्दीन अहमद याहिया मनेरी रहमतुल्लाह अलैह के 755वें उर्स मुबारक के मौके पर बड़ी दरगाह स्थित उनकी मजार पर चादरपोशी की और राज्य में सद्भाव, समृद्धि, अमन- चैन एवं खुशहाली कायम करने की दुआयें मांगी।
मनेर शरीफ खानकाह पहुँचने पर मुख्यमंत्री ने मनेर शरीफ खानकाह के गद्दीनशीं सैयद शाह तारिक ऐनायतुल्लाह फिरदौसी से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को टोपी और रुमाल भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने आस्तान-ए-हजरत सुल्तानुल मख्दूमीन सय्यिदुना मखदूम शाह कमालुद्दीन अहमद याहिया मनेरी की मजार पर चादरपोशी की एवं दुआयें मांगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक मो जमा खाॅ, विधान पार्षद मो खालिद अनवर, बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो अफजल अब्बास, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष सचिव चंद्रशेखर सिंह,पटना के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा सहित अन्य अधिकारी गण तथा उर्स मुबारक में आए श्रद्धालु गण उपस्थित थे।


