हनुमानगढ़/राजस्थान 16 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित भारत विकसित राजस्थान कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने सड़क, रेलवे, सौर ऊर्जा, विद्युत ट्रांसमिशन, पेयजल तथा पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से संबंधित 17,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जेईसीसी सीतापुरा में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिले में ट्रेनों के रखरखाव के लिए कोच केयर कॉम्प्लेक्स के निर्माण की आधारशिला रखी। जिले की पांचों विधानसभाओ में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनसंवाद कार्यक्रम में प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने देखा। हनुमानगढ़ विधानसभा का कार्यक्रम जंक्शन स्थित नवा बाईपास रोड़ पर डीएवी स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर काना राम, एसपी डॉ. राजीव पचार, विधायक गणेशराज बंसल, एडीएम डॉ. दिनेश राय सापेला, सीइओ सुनीता चौधरी, बीजेपी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, अमित सहु, विकास गुप्ता,जुगल किशोर गौड़, विकास शर्मा, शेरी दंदीवाल, गजेन्द्र राठोड़, प्रकाश तंवर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सभी विभागों ने विभागीय योजनाओं की स्टॉल लगाई, जिसके माध्यम से आमजन को योजनाओं से जागरूक किया गया। राजीविका के 100 से अधिक स्वय सहायता समूहों को 1 करोड़ 60 लाख के ऋण वितरण चैक सौंपे गए। विश्वकर्मा कामगार योजना के तहत 27 महिलाओ को सिलाई मशीन का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत 20 महिलाओ को निशुल्क गैंस चूल्हे और सिलेंडर का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त खेलों में उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मेरी कहानी मेरी जुबानी के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। विधायक श्री गणेशराज बंसल ने अपने उद्बोधन में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा वंचितों को योजनाओं से जोड़ने के लिए कहा। जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र पारीक ने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को गिनाया, उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से विकसित भारत संकल्प यात्रा में राज्य अग्रणी रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हजारों लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। राजिविका की हजारों महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया।


