नारनौल/हरियाणा 15 दिसंबर। आगामी 22 व 23 दिसंबर को आईटीआई में मनाए जाने वाले जिला स्तरीय गीता महोत्सव में विभागों द्वारा लगाई जाने वाली प्रदर्शनी के संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह (आईएएस) ने आज अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि गीता महोत्सव के दौरान स्वयं सहायता समूह तथा आम नागरिकों द्वारा प्रदर्शनी में हाथों से तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजन तथा विभिन्न प्रकार के अन्य उत्पाद का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा प्रदर्शनी में हाथों से बनी ज्वेलरी, पेंटिंग, देसी परिधान, घरों के सजावटी सामान भी उपलब्ध रहेगा। जहां लोगों को सस्ती दरों पर खरीदने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा सरकारी विभागों में आयुष विभाग की ओर से देसी जड़ी बूटियों के माध्यम से इलाज की पद्धति व योग प्राणायाम की जानकारी दी जाएगी वहीं देसी दवाइयों का स्टाल भी लगेगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
शिक्षा विभाग की ओर से प्रदर्शनी में आने वाले स्कूली बच्चों के लिए कैरियर काउंसलिंग व हायर एजुकेशन ई-अधिगम के बारे में जानकारी दी जाएगी। बागवानी विभाग की ओर से ऑर्गेनिक वेजिटेबल, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से किसानों को ड्रोन तकनीक व मोटा अनाज (मिलेट्स) के बारे में जानकारी दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मेरी लाडो मेरी शान कार्यक्रम के तहत कुआं पूजन कार्यक्रम, बाल विवाह व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नाटक तथा वन स्टॉप सेंटर व विभाग की अन्य स्कीमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। महिला विकास निगम की ओर से महिलाओं को पढ़ाई के लिए सस्ते दर पर मिलने वाले लोन के बारे में जागरूक किया जाएगा। पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों को मिनी डेयरी, पोल्ट्री, बकरी पालन व गो संवर्धन के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बैंकों की तरफ से सरकार प्रायोजित स्कीमों के बारे में व एनआईसी ओर से आधार कार्ड व सीएससी सर्विस डेक्स लगाई जाएगी। डीआरडीए की ओर से सोलर एनर्जी पर प्रदर्शनी लगेगी
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शनी केवल औपचारिकता के लिए ना लगे बल्कि उसे प्रदर्शनी का आमजन को फायदा होना चाहिए।
इस अवसर पर एसडीएम मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ रमेश चंद्र आर्य, एलडीएम विजय सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी संगीता यादव, डीआईओ हरीश शर्मा के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


