RK TV News
खबरें
Breaking News

भोजपुर:मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ, भोजपुर के 434 आवासीय उपभोक्ताओं के खातों में पहुंची अनुदान राशि।

रूफटॉप सोलर लगाने पर केंद्र एवं राज्य सरकार से ₹98 हजार तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान।

RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )22 सितंबर 2026। बिहार में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और आवासीय उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना, 2026” का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत भोजपुर जिले के 434 आवासीय उपभोक्ताओं के खातों में अनुदान राशि का हस्तांतरण किया गया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऊर्जा ऑडिटोरियम, बोर्ड कॉलोनी, शास्त्रीनगर, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना का शुभारंभ किया। भोजपुर जिले में कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान 09 लाभुकों को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सर्वाधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने वाले सोलर वेंडरों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

सम्मानित लाभुकों में सत्यदेव वशिष्ठ (अमीरचंद कोठी), बबन चौधरी (कतीरा), जय किशोर राय (गोड़ना रोड), उमा शंकर तिवारी, निरंजन प्रसाद (मौलाबाग), रानी श्रीवास्तव (मौलाबाग), उत्तम कुमार (शिवगंज), अमित कुमार, (अबरपुल) तथा विभा देवी (नवादा, आरा) शामिल रहीं।

सम्मानित वेंडरों में माँ इलेक्ट्रिकल्स, सन ग्रो टेक्नोलॉजी प्रा. लि., भोजपुर इंटरप्राइजेज, इनर्जीक्लोन मर्चेंटाईल प्रा. लि. एवं भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल रहे।

₹98 हजार तक की वित्तीय सहायता

मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र आवासीय उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से अधिकतम ₹98 हजार तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ना तथा घरेलू बिजली खर्च को कम करने में सहायता प्रदान करना है।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा आवेदन, सोलर संयंत्र के अधिष्ठापन, ऋण स्वीकृति, निरीक्षण तथा योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। पंचायत एवं वार्ड स्तर पर सोलर शिविर, जागरूकता अभियान और ऋण मेले भी आयोजित किए जाएंगे।

पंचायत और वार्ड स्तर पर भी मिलेगा प्रोत्साहन

नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत के शहरी वार्ड तथा ग्राम पंचायत स्तर पर रूफटॉप सोलर अधिष्ठापन को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन का भी प्रावधान किया गया है। यह व्यवस्था 31 मार्च 2027 तक, स्वीकृत निधि की उपलब्धता के अधीन लागू रहेगी।

स्वच्छ ऊर्जा के साथ बिजली खर्च में कमी

रूफटॉप सोलर के माध्यम से घरों में स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग बढ़ने के साथ पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी तथा घरेलू बिजली खर्च में कमी लाने में सहायता मिलेगी। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

ऊर्जा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रूफटॉप सोलर अपनाकर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा दें और बिजली खर्च कम करने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

भोजपुर में सौर ऊर्जा को मिलेगी नई गति

भोजपुर जिले के 529 आवासीय उपभोक्ताओं के खातों में अनुदान राशि का हस्तांतरण जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना के माध्यम से जिले में ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग के मंत्री सह आरा विधायक संजय सिंह ‘टाइगर’, संदेश विधायक राधाचरण साह, तथा शाहपुर विधायक राकेश रंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी-भोजपुर मनेश कुमार मीणा, उप विकास आयुक्त, विद्युत अधीक्षण अभियंता, भोजपुर (आरा), वरीय प्रबंधक (राजस्व), विद्युत कार्यपालक अभियंता, आरा एवं जगदीशपुर, सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, आईटी प्रबंधक तथा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

भारतीय वायु सेना (IAF) ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु(Sports) पदों हेतु आधिकारिक अधिसूचना की जारी।

rktvnews

मुंबई हवाई अड्डे की क्षमता बढ़ाई गई- टी2 पर सुरक्षा जांच क्षेत्र का विस्तार किया गया।

rktvnews

सफलता की कहानी।

rktvnews

भोपाल:पं. दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता और समर्थ भारत निर्माण के चिंतक थे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

rktvnews

भोजपुर : एसडीओ ने की शाहपुर नगर पंचायत कार्यालय मे शिकायत की जाॅच।

rktvnews

17 सितंबर को आरा में दिव्यांगजनों को मिलेगी ट्राई साइकिल।

rktvnews

Leave a Comment