25 सितंबर को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष पूर्ण होने पर होगा भव्य सामूहिक गान।
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद) 22 सितंबर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के दिशा-निर्देशन में 25 सितंबर 2026 को राष्ट्रव्यापी महाअभियान ‘नमामि भारतम्’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इसी क्रम में आयोजकों एवं कार्यक्रम टोली के सदस्यों ने मुख्य आयोजन स्थल विवेकानंद पार्क, परिहार चौराहा, अशोका गार्डन का निरीक्षण किया। इस दौरान सरस्वती विद्या मंदिर की प्राचार्य वंदना सिंह सेंगर, सचिव अजेंद्र सिंह तोमर, समाजसेवी हेमंत बहादुर सिंह परिहार तथा जनप्रतिनिधि सूर्यकांत गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, सामूहिक गान के पूर्वाभ्यास, संपर्क व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की तथा आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
25 सितंबर को सुबह 11 बजे होगा सामूहिक गान
‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत 25 सितंबर को सुबह 11 बजे भव्य सामूहिक गान होगा। इसके लिए संपर्क एवं पूर्वाभ्यास का कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। अभियान में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, पूर्व विद्यार्थी तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग सहभागिता करेंगे।
आयोजकों के अनुसार ‘एक समय, एक लय, एक स्वर’ के भाव के साथ देशभर में हजारों स्थानों पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया जाएगा। इसका उद्देश्य मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, राष्ट्रभाव और सामाजिक एकात्मता की भावना को मजबूत करना है।
आयोजकों ने अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शहरवासियों से ‘नमामि भारतम्’ अभियान में सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

