आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 10 जुलाई।महंत महादेवानंदगिरी महिला महाविद्यालय का आज 64 वा स्थापना दिवस समारोह प्राचार्या प्रो मीना कुमारी की अध्यक्षता में हर्षोल्लास संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में महाराजा कॉलेज के प्राचार्य प्रो ओम प्रकाश राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के संस्थापक महंत महादेवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ तत्पश्चात सामूहिक द्वीप प्रज्वलन, छात्राओं द्वारा कुल गीत के बाद, कॉलेज की ओर से अतिथियों को बुके और पौधा देकर सम्मानित किया गया।

प्राचार्या प्रो मीना कुमारी ने स्वागत भाषण का शुभारंभ बाबा भोलेनाथ की वंदना कर्पूर गौरं करुणावतारं …. से किया और कहा कि सावन का प्रथम सोमवारी है,औघडदानी बाबा भोलेनाथ की सब पर कृपा बनी है। मैं आह्लादित हूं की कि इसी कॉलेज से नौकरी की शुरुआत की थी और आज प्राचार्य के रूप में सबके सामने हूं यह आप सभी की दुआ है। कॉलेज की शुरुआत मात्र 3 शिक्षक और 80 छात्राओं से हुआ था और आज नौ हजार छात्राए हैं जो प्रगति की मिशाल है। मैं गिरी जी की सोच और संकल्प की प्रशंसा करती हूं जिन्होंने अपना सर्वस्व दान कर छात्राओं के लिए महाविद्यालय का निर्माण कराया। यह कॉलेज छात्राओं के भविष्य निर्माण का जीता जागता स्वरूप है।
मुख्य अतिथि पद से बोलते हुए महाराजा कॉलेज के प्राचार्य प्रो ओम प्रकाश राय ने कहा की रिग वेद काल में विदुषी महिलाओं की चर्चा है जो समाज एवं राष्ट्र हित में योगदान करती थी। बाद के वर्षों में कमी आई। जिसके कारण महाभारत जैसे विध्वंसक लड़ाइयां हुई। आधी आबादी की बातों को अनदेखी करना, उनका सम्मान ना करना, पतन का कारण है। समाज में महिलाएं ही पहली शिक्षक हैं जो बच्चों में अच्छी शिक्षा ,संस्कार और चरित्र निर्माण करती है। महिलाओं की शिक्षा और सम्मान से देश की प्रगति संभव है।
वही राजीव कुमार विभागाध्यक्ष इतिहास ने कहा कि आज से 64 वर्ष पूर्व किसी महंत ,कर्म योगी ने महिलाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया, कॉलेज की स्थापना की और उसके लिए घूम घूम कर पढ़ने पढ़ाने तथा सहयोग के लिए चंदा भी मांगा। आज महाविद्यालय विशाल वटवृक्ष की तरह शिक्षा के क्षेत्र में अलग जगह जगा रहा है। छात्राएं देश-विदेश के कोने-कोने तक इस महाविद्यालय और इस मिट्टी का सम्मान बढ़ा रही है। इन्होंने कहा की कॉलेज की प्रगति बहुत हुई है लेकिन कुछ कुछ मामलों में कमी है जिसे पूरा करना जरूरी है।
इस मौके पर कालेज की पांचवीं आदया स्मारिका का लोकार्पण मुख्य अतिथि सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो विजयश्री ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो राजीव कुमार ने किया। छात्राओं द्वारा अंत में नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। इस मौके पर कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष,शिक्षक, कर्मचारी छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।


