जयंती पर आचार्य बदरीनाथ वर्मा जी भी किए गए श्रद्धापूर्वक स्मरण, आयोजित हुई लघुकथा-गोष्ठी
RKTV NEWS/पटना(बिहार)11 नवम्बर। आधुनिक बिहार के सबसे गौरवशाली व्यक्तित्व थे डा सच्चिदानन्द सिन्हा। विद्वता, विनम्रता, दानशीलता और त्याग की प्रतिमूर्ति थे वे । उन्होंने बंगाल का विभाजन कराकर न केवल बिहार को अलग राज्य के रूप में स्थापित कराया बल्कि राज्य के सचिवालय और विधान-मंडल के निर्माण हेतु अपनी विशाल भूमि भी प्रदान कर दी। बिहार के चार-चार राजाओं को पराजित कर १९२१ में केंद्रीय ऐसेंबली के लिए निर्वाचित हुए सिन्हा जी भारत की संविधान सभा के प्रथम अध्यक्ष और अपने समय के बिहार के सर्वमान्य नेता थे। भारतीय संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में उनका हस्ताक्षर स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। जिस सम्मान के वे अधिकारी थे, उन्हें नहीं दे रहे हम। लगभग भुला दिया है उनको।
यह बातें, मंगलवार को बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन में आयोजित जयंती-समारोह एवं लघुकथा-गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए, सम्मेलन अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने कही। उन्होंने कहा कि सच्चिदा बाबू ने बाबू महेश नारायण के साथ ‘अलग बिहार’ के आंदोलन को बल दिया। महेश बाबू के निधन के पश्चात उनके ही नेतृत्व में यह आंदोलन सफल हुआ और बिहार को एक अलग राज्य के रूप में स्थान प्राप्त हुआ। वे १९२१ में ही बिहार के अर्थ सचिव और क़ानून मंत्री बनाए गए थे। वे ‘हाउस ऑफ लौर्ड्स’ के भी सदस्य थे।
जयंती पर महान स्वतंत्रता-सेनानी और बिहार के पूर्व शिक्षामंत्री आचार्य बदरी नाथ वर्मा का स्मरण करते हुए डा सुलभ ने कहा कि बदरी बाबू अपने समय के महान साहित्य-सेवी, पत्रकार, प्राध्यापक, स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता थे। वे शिक्षा और साहित्य ही नहीं राजनीति के भी आदर्श-पुरुष थे। उन पर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी और महान राजनीति शास्त्री आचार्य चाणक्य का गहरा प्रभाव था। उन्होंने चाणक्य के जीवन से यह सीखा था कि, निजी कार्य में, राज-कोश का एक बूँद तेल भी व्यय नही करना चाहिए। राज्य के शिक्षा विभाग समेत अन्य विभागों के मंत्री रहते हुए भी उन्होंने इसका अक्षरश: पालन किया। शासन का कुछ भी नही लिया। मीठापुर स्थित अपने अत्यंत साधारण खपरैल घर में रहे, किंतु सरकारी आवास तक नहीं लिया।
समारोह का उद्घाटन करते हुए, राज्य उपभोक्ता आयोग, बिहार के अध्यक्ष न्यायमूर्ति संजय कुमार ने कहा कि सच्चिदानन्द सिन्हा बिहार की एक ऐसी विभूति थे, जिन्होंने विधि की उपाधि इंग्लैंड से प्राप्त की थी। शिक्षा और विधि के क्षेत्र में उनका योगदान अतुल्य है। वे कर्ण जैसे महादानी थे। अपना सबकुछ उन्होंने बिहार को अर्पित कर दिया।
अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के प्रधानमंत्री डा उपेंद्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि साहित्य सम्मेलन अपने महापुरुषों को स्मरण करने का निरन्तर अनुष्ठान कर प्रबुद्ध समाज को प्रेरित करता है। साहित्य के जागरण से ही समाज जागृत होगा। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अवकाश प्राप्त अधिकारी और वरिष्ठ साहित्यकार बच्चा ठाकुर, डा रत्नेश्वर सिंह, डा समरेंद्र नारायण आर्य, सुनील कुमार दूबे, डा नागेश्वर प्रसाद यादव, शंभुनाथ पाण्डेय, परवेज़ आलम तथा चंदा मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर आयोजित लघुकथा-गोष्ठी में वरिष्ठ कथा लेखिका डा पुष्पा जमुआर ने ‘क्या कहें’, डा विद्या चौधरी ने ‘अच्छी शुरुआत’, डा शालिनी पाण्डेय ने ‘परिवर्तन’, डा मनोज गोवर्धनपुरी ने ‘अनुचित नसीहत’, सिद्धेश्वर ने ‘मंच’, सदानन्द प्रसाद ने ‘बेशर्मी’, ईं अशोक कुमार ने ‘जन्म दिन’, डा सीमा रानी ने ‘रविदास’, रजनीश गौरव ने ‘क्रोध’, तथा सूर्य प्रकाश उपाध्याय ने ‘अर्घ्य’ शीर्षक से अपनी लघुकथा-का पाठ किया।। मंच का संचालन कवि ब्रह्मानन्द पाण्डेय ने तथा धन्यवाद-ज्ञापन कृष्ण रंजन सिंह ने किया।
डा नमिता लोहानी, अधिवक्ता अशोक कुमार, डा चंद्रशेखर आज़ाद, विजय कुमार शर्मा, रोज़ी परवीन, प्रेम अग्रवाल, नरेश कुमार, मो फ़हीम, जे पी सिंह आदि बड़ी संख्या में सुधीजन उपस्थित थे।

