
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 11 नवम्बर। भोजपुर जिला के शाहपुर नगर पंचायत मे छठ महापर्व को लेकर तैयारी तेज हो गई है। कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार के नेतृत्व मे शाहपुर के पश्चिम पोखरा घाट सहित अन्य छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शुभम् कुमार ने छठ घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठव्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र के सभी प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। घाटों पर गंदगी तथा जलकुंभी को जल्द साफ करने और टूटे हुए रास्तों को जल्द ठीक करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने छठ घाटों पर चेंजिंग रूम बनाने का भी निर्देश दिया ताकि महिला व्रतियों को कपड़ा बदलने मे सुविधा हो। इसके साथ ही घाटों पर अस्थाई शौचालय बनाने, चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने और कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी शुभम् कुमार, कनीय अभियंता जयनंदन चौधरी, बीस सूत्री अध्यक्ष अंकित पांडे, वार्ड पार्षद संजय चतुर्वेदी, मनोज पासवान सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी मौजूद थे। कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने कहा कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों को पूरी तरह से तैयार कर लिया जायेगा। घाटों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और गोताखोरों की व्यवस्था की जायेगी। 
