
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)12 अक्टूबर।आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, दुमका-1 अंजना रानी मिंज के नेतृत्व में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जांच अभियान के तहत रिंग रोड स्थित साह जी ट्रेडर्स, ग्रैंड पोर्टिको, रामपुरहाट रोड स्थित टीकेजी रेस्टोरेंट तथा दुर्गामंडा रोड स्थित मैगनोलिया रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पैकेजिंग, उपयोग की अंतिम तिथि तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई।
पनीर की प्रारंभिक जांच में मिलावट नहीं मिली, नमूने प्रयोगशाला भेजे जाएंगे
निरीक्षण के दौरान ग्रैंड पोर्टिको, टीकेजी रेस्टोरेंट एवं मैगनोलिया रेस्टोरेंट में पनीर की मौके पर ही स्टार्च की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में पनीर में स्टार्च की मिलावट नहीं पाई गई। इसके अतिरिक्त, विस्तृत गुणवत्ता जांच के लिए पनीर के नमूने एकत्र किए गए हैं, जिन्हें खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने पर दो प्रतिष्ठानों पर अर्थदंड
जांच के दौरान ग्रैंड पोर्टिको एवं टीकेजी रेस्टोरेंट में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों पर कुल 15,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत लागू नियमों एवं विनियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्हें खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित परिस्थितियों में तैयार करने, उचित तरीके से संग्रहित करने तथा पैकेजिंग एवं उपयोग की अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। साथ ही, उपभोक्ताओं को केवल गुणवत्तापूर्ण, मानक के अनुरूप एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई।
जांच अभियान में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेजी नीलिमा तिग्गा, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, दुमका-2; पवन चौधरी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, जामताड़ा-2; अभिमन्यु कुमार, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, पाकुड़-1; राधिका कुमारी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, पाकुड़-2 तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय, दुमका के नटवर साह उपस्थित थे।
जिला प्रशासन द्वारा पर्व-त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
