84 वर्ष की उम्र में हृदय गति रुकने से हुआ निधन, शिष्यों में शोक की लहर।
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)19 सितंबर। शहर के मौलाबाग निवासी, जैन स्कूल के चर्चित विज्ञान शिक्षक एवं पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्य शिव कुमार सहाय का शुक्रवार की शाम निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उनके छोटे पुत्र सोनू ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच मौलाबाग स्थित आवास पर हृदय गति रुकने से उनका निधन हुआ।
शिव कुमार सहाय जिले के चर्चित शिक्षकों में शुमार रहे। विज्ञान और गणित विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ तथा विद्यार्थियों के प्रति सहज और सौम्य व्यवहार के कारण वह लंबे समय तक अपने शिष्यों के बीच लोकप्रिय रहे। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनसे पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम नहीं हुई। उन्होंने अपने जीवन में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा भी दी।
शिक्षण के साथ-साथ शिव कुमार सहाय सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे। समाज के जरूरतमंद और दबे-कुचले लोगों की मदद के लिए वह लगातार प्रयासरत रहते थे। सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी उनकी अपनी पहचान थी। समाजसेवा के प्रति इसी जुड़ाव के कारण उन्होंने आरा से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। हालांकि चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने सामाजिक सरोकारों से खुद को अलग नहीं किया और लोगों की मदद करते रहे।
शिव कुमार सहाय अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र, दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र सुनील सहाय स्कॉलर एवं भोजपुरी विभाग के प्राध्यापक रहे हैं। दूसरे पुत्र सत्यकाम आनंद बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता एवं रंगकर्मी हैं, जबकि सबसे छोटे पुत्र सोनू बीपीएससी और यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले शिक्षक हैं।
उनके निधन की सूचना मिलते ही अलग-अलग शहरों में रह रहे परिवार के सदस्य आरा के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों के शनिवार की सुबह तक आरा पहुंचने के बाद स्वर्गीय शिव कुमार सहाय की अंत्येष्टि की जाएगी।
इधर, उनके निधन की खबर फैलते ही उनके पुराने शिष्यों और परिचितों के घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जैन स्कूल सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उनसे शिक्षा प्राप्त कर चुके सैकड़ों लोग उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनके निधन से शिक्षा जगत, रंगकर्म और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

