
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 23 अगस्त। आरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुदामा प्रसाद ने भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के जवइनिया गाँव का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ठोकर बांध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बांध निर्माण एवं मरम्मत कार्य मे व्यापक अनियमितता पाए जाने पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई। सांसद ने कहा कि गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है जिससे आसपास के ग्रामीणों मे भय और दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि ठोकर बांध की समस्या को लेकर ठेकेदार एवं संबंधित लोगों को कई बार जानकारी दी गई लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया और मनमाने तरीके से कार्य कराया गया। ग्रामीणों ने बांध की स्थिति को लेकर अपनी नाराजगी सांसद के समक्ष रखी। कॉ सुदामा प्रसाद ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए बाढ़ से बचाव एवं सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी परिस्थिति मे लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी। सांसद ने ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। ग्रामीणों द्वारा गंगा किनारे मंदिर से नौरंगा तक सड़क खुद के मेहनत और आर्थिक सहयोग से बनाया जा रहा है ताकि जब बाढ़ आये तो सुरक्षित निकला जा सके। इस सङक पर रोड़ा डालने का आग्रह सरकार से किया गया। ग्रामीणों ने अपनी अन्य समस्याओं को भी सांसद के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने बताया कि पिछली बार के भीषण बाढ़ मे जिन परिवारों के घर गंगा नदी मे विलीन हो गए थे उनमे से कई परिवारों को अब तक जमीन का पर्चा उपलब्ध नहीं कराया गया है। सांसद ने इस मामले में भी संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष गंगा नदी मे डूबने से जवइनिया गाँव निवासी धनौती कुमारी (20 वर्ष) पिता स्व गंगा सागर यादव एवं माता लखी देवी की मृत्यु हो गई थी। लेकिन उनके परिवार को अब तक सरकारी मुआवजा नहीं मिला है। सांसद ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया।
सांसद ने कहा कि बाढ़ की विकट स्थिति मे प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करना चाहिए। बांध की मजबूती, प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, विस्थापित परिवारों को जमीन का पर्चा तथा मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने जैसे मामलों मे किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर पर शाहपुर प्रखंड सचिव कॉ हरेंद्र सिंह, शाहपुर नगर सचिव बैजू कुशवाहा, उत्तम जी, जयशंकर जी, निजी सहायक चंदन कुमार, सूरज कुमार, सुरेंद्र जी, विश्वकर्मा जी, रवि राम, सुजीत कुमार, राजद नेता दिनेश यादव, डिग्री यादव, दामोदरपुर पंचायत के मुखिया सुभाष चौधरी, देवकीनंदन यादव, ददन यादव सहित बड़ी संख्या मे ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।


