26 नवंबर को जिला पदाधिकारी के समक्ष होगा एक दिवसीय धरना।
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)22 नवंबर।आज 22 नवंबर को अखिल भारतीय किसान महासभा की भोजपुर जिला कमेटी की बैठक जिला उपाध्यक्ष कामरेड कृष्णा प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव राजू यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसान विरोधी नीतियों पर चल रही हैं। किसानों को फार्मर आईडी के नाम पर तबाह किया जा रहा है। सरकार द्वारा आधार कार्ड के आधार पर खाद और बीज मिलने की व्यवस्था में बदलाव कर स्कैन कोड अनिवार्य किया जा रहा है। वहीं, जिन किसानों की जमीन उनके पूर्वजों के नाम पर है, उन्हें भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार किसानों की समस्याओं को दूर करने के बजाय उन्हें और उलझा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब बटाईदार किसानों को भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिलेगा। धान खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए तथा किसानों को नगद भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।
किसान महासभा ने मांग की कि बिना अनावश्यक कागजी प्रक्रिया के सभी किसानों के धान की खरीद की गारंटी की जाए, ताकि कोई भी किसान सरकारी खरीद व्यवस्था से वंचित न रहे।
इन मांगों को लेकर 26 नवंबर को जिला पदाधिकारी, भोजपुर के समक्ष एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा।
बैठक के माध्यम से भोजपुर जिले के सभी किसानों से अपील की गई कि वे बड़ी संख्या में धरना में शामिल होकर किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें और आंदोलन को सफल बनाएं।
बैठक में दुदुन सिंह, निरंजन सिंह, भरत कुशवाहा, सुरेश सिंह, मनोज यादव, बलिराम यादव, जमाल अशरफ सहित कई शामिल थे।

