विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर दिनांक 09 अगस्त 2026 को समारोह का होगा आयोजन।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वन अधिकार पट्टा वितरण समारोह आयोजित करने पर सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय।
समारोह की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न विभागों को समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश।
RKTV NEWS/गढ़वा (झारखंड)07 अगस्त।उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में दिनांक- 09.08.2026 को “विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वनपट्टा वितरण करने से संबंधित गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (District Executive Committee) की बैठक का आयोजन उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में सम्पन्न किया गया। उक्त के आलोक में दिनांक 09 अगस्त 2026 को “विश्व आदिवासी दिवस” कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में “विश्व आदिवासी दिवस” 2026 दिनांक -09.08.2026 को जिला स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वन अधिकार पट्टा वितरण समारोह आदि आयोजित करने पर निर्णय लिया गया। उक्त समारोह का आयोजन दिनांक 9 अगस्त 2026 को स्थानीय टाउन हॉल गढ़वा में पूर्वाह्न 11:30 बजे से आयोजित करने की बात कही गई, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वन अधिकार पट्टा वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त श्री मिश्रा ने बैठक में महोत्सव की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न विभागों को ससमय सभी तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि आदिवासी महोत्सव जिले की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। कहा कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, ज्ञान, जीवन मूल्यों एवं गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिवस हमें अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित एवं भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करने, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने तथा जनजातीय कला, शिल्प, लोक संस्कृति एवं स्वदेशी परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बने। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को यादगार बनाने पर जोर दिया।
गढ़वा में आयोजित किए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर 11:30 बजे पूर्वाह्न से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय चिनियाँ एवं कुदरूम रंका, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भण्डरिया एवं आश्रम बालिका उच्च विद्यालय, मंझिगांवा कांडी के 100 छात्र/छात्राओं, शिक्षा विभाग, गढ़वा से 100 छात्र/छात्राओं एवं JSLPS के 50 महिलाओं द्वारा कार्यक्रम में भाग लिया जाएगा एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्र यथा- पारंपरिक आदिवासी नृत्य, गीत-संगीत, नाटक आदि का प्रर्दशन किया जायगा। इसके पश्चात वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत स्वीकृत/चयनित व्यक्तिगत/सामुदायिक वन पट्टा के लाभुकों को वन पट्टा वितरण किया जायेगा।
समारोह को लेकर बैठक में पार्किंग व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण, मंच संचालन, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े सेल्फी प्वाइंट बनाने, कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उक्त बैठक में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के अन्य सदस्यगण पुलिस अधीक्षक, गढ़वा आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, वन प्रमण्डल पदाधिकारी, उत्तरी वन प्रमण्डल गढ़वा, वन प्रमण्डल पदाधिकारी, दक्षिणी वन प्रमण्डल गढ़वा, वन प्रमण्डल पदाधिकारी, सामाजिक वानिकी वन प्रमण्डल गढ़वा, जिला कल्याण पदाधिकारी, देवानंद राम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, पंकज कुमार गिरि आदि उपस्थित थें।

