
RKTV NEWS/पटना(बिहार )12 जुलाई। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) द्वारा अपने औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इकाइयों की समस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान तथा उद्योगों के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 13 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक राज्य के विभिन्न क्लस्टर कार्यालयों में शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से BIADA के औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इकाइयों को अपनी शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने, उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा अपने सुझाव साझा करने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही आवश्यकतानुसार विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन 13 जुलाई 2026 को बेगूसराय क्लस्टर कार्यालय, 15 जुलाई को पूर्णिया क्लस्टर कार्यालय (पूर्णिया–सहरसा क्लस्टर), 17 जुलाई को भागलपुर क्लस्टर कार्यालय, 20 जुलाई को बिहटा क्लस्टर कार्यालय, 22 जुलाई को पटना क्लस्टर कार्यालय, 24 जुलाई को दरभंगा क्लस्टर कार्यालय, 27 जुलाई को गया क्लस्टर कार्यालय, 29 जुलाई को हाजीपुर क्लस्टर कार्यालय, 31 जुलाई को मुजफ्फरपुर क्लस्टर कार्यालय तथा 03 अगस्त 2026 को मोतीपुर क्लस्टर कार्यालय में प्रातः 10 : 00 बजे से किया जाएगा। प्रत्येक शिविर में संबंधित क्लस्टर कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, ताकि औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
BIADA ने अपने औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित सभी इकाइयों से अपने संबंधित क्लस्टर कार्यालय में आयोजित शिकायत निवारण शिविर में सहभागिता करने तथा इस पहल का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
