RK TV News
खबरें
Breaking Newsराष्ट्रीय

संस्कृति मंत्रालय ने दिल्ली में सांसदों की हर घर तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया।

यह दिन भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील के पत्थर के रूप में हमेशा याद किया जाएगा: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

रैली हमें उस एकता और दृढ़ता की याद दिलाती है जो हमें एक साथ बांधती है: गजेंद्र सिंह शेखावत

RKTV NEWS/नई दिल्ली 13 अगस्त।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कों पर आज यानी 13 अगस्त, 2024 को हर घर तिरंगा बाइक रैली के दौरान राष्ट्रीय गौरव और सामुदायिक भावना का एक उत्साहजनक दृश्य देखा गया। स्वतंत्रता और एकता की भावना का जश्न मनाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी पहल के हिस्से के रूप में आयोजित इस रैली में एक साथ सैकड़ों प्रतिभागी देश के गौरव तिरंगे को लेकर देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय पहचान को बढ़ावा देने के लिए आगे आए।
रैली की शुरुआत उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने की, जिन्होंने बाइकर्स को प्रेरित किया और कहा कि, आज़ादी के अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में शुरू की गई हर घर तिरंगा पहल एक जन आंदोलन के रूप में विकसित हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इसकी सफलता के लिए “जनभागीदारी” कितनी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि यह दिन भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील के पत्थर के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम अब केवल एक संभावना या वादा करने वाला देश नहीं हैं; हम आज एक ऐसा राष्ट्र हैं जो पहले से कहीं ज़्यादा तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। हमारी गति अब रूक नहीं सकती। जब हम अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएंगे तब तक यानि 2047 तक हमारा यह उत्थान हमें एक विकसित राष्ट्र में परिणत कर देगा।”
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस आयोजन को लेकर अपना उत्साह व्यक्त किया और कहा कि हर घर तिरंगा बाइक रैली न केवल हमारे देश की स्वतंत्रता का उत्सव है, बल्कि उस एकता और दृढ़ता की भी याद दिलाती है जो हमें एक साथ बांधती है।
रैली की शुरुआत भारत मंडपम से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी बाइकों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस कार्यक्रम में बाइकर्स एक जुलूस की सूरत में तिरंगा लहराते और जयकारे लगाते हुए शहर के प्रमुख स्थलों से गुजरे। मार्ग पर जगह-जगह सजावट की गई थी और देशभक्ति के संदेश लिखे बैनर और बोर्ड सजाए गए थे, जिससे एक रोमांचक माहौल बन गया।
संस्कृति मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश की विरासत का जश्न मनाने वाली गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करता है। यह बाइक रैली इस अभियान की सफलता का प्रमाण थी, जिसने नागरिकों में समुदाय और देशभक्ति की मजबूत भावना को उजागर किया। दूरदराज के क्षेत्रों से इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए आए उत्साही प्रतिभागियों ने ध्वज लहराती बाईक चलाकर और उत्साही जयकारे लगाकर अपनी देशभक्ति का प्रदर्शन किया।
पूर्व लोकसभा सदस्य मीनाक्षी लेखी, संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के कैबिनेट मंत्री किरेन रिजिजू, श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख एल. मांडविया और नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू सहित प्रमुख संसद सदस्यों की उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी ने इसकी प्रभाव क्षमता में वृद्धि की और देशवासियों को प्रेरित किया।
रैली का समापन ध्यानचंद स्टेडियम में एक छोटे समारोह में हुआ, जहां प्रतिभागी और नेतागण इस आयोजन के महत्व पर विचार करने के लिए एकत्र हुए। अन्य गतिविधियों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और एक सामूहिक सभा हई, जिसने एकजुटता की भावना को और समृद्ध किया। राष्ट्रीय राजधानी में इस रैली के अलावा सांस्कृतिक संसाधन और प्रशिक्षण केंद्र और ललित कला अकादमी द्वारा भी कई तिरंगा रैलियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही, देशभर में तिरंगा रैलियां, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, तिरंगा दौड़ और मैराथन के साथ-साथ अन्य देशभक्तिपूर्ण गतिविधियां और प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं।
हर घर तिरंगा बाइक रैली इस बात का एक बेहतरीन उदाहरण है कि सामूहिक उत्साह और नागरिकों का आपसी जुड़ाव राष्ट्रीय मूल्यों को आगे बढ़ा सकते हैं। हमारा राष्ट्र अपनी विरासत का सम्मान करता है और ऐसे आयोजन हमारे राष्ट्र के ताने-बाने को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related posts

भोजपुर के पीरो प्रखंड के लहरी तिवारीडीह में सड़क दुघर्टना में 4 लोगों की मौत,2 घायल पीएमसीएच में रेफर।

rktvnews

चतरा:उपायुक्त ने ब्लड बैंक एवं तैयार डीईआईसी भवन का किया निरीक्षण।

rktvnews

दरभंगा:निवर्तमान एस.डी.ओ. को दी गई भावभीनी विदाई।

rktvnews

उत्तराखंड:राज्यपाल ने किया ‘गार्गी नारीशक्ति’ चैटबॉट का औपचारिक लोकार्पण।

rktvnews

बिहार:भोजपुर:गोल्डेन बेबी फुटबॉल एकेडमी में रंगोली और दीपोत्सव बना आकर्षण का केंद्र।

rktvnews

जिला स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी ने दिए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश।

rktvnews

Leave a Comment