
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार)25 मई।30 बिहार बटालियन एन.सी.सी, बक्सर द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन का आगाज आज भी पी.टी. परेड द्वारा प्रारंभ हुआ। जिसमें सभी कैडेट तथा कैम्प कमाण्डेंट कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल सहित सभी कार्यालय सदस्यों एवं एन.सी.सी पदाधिकारी ने भाग लिया। अल्पाहार के पश्चात् द्वितिय सत्र में उड़ान टीम का व्याख्यान प्रस्तुत किया गया साथ ही साथ मास्टर ट्रेनरों द्वारा कैडेटों को बताया गया की उत्कृष्ट जीवन जीने का कौशल तथा समाज सेवा के प्रति उनकी संवेदना को अभिव्यक्त करती है।
प्रशिक्षण में नागरिक तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण विषय सम्मिलित थे, जिनमें सड़क सुरक्षा, जागरूकता, प्री हास्पिटल इमरजेन्सी केयर, बाढ़ सुरक्षा मॉक ड्रिल, बिजली गिरने से बचने के लिए सुरक्षा मॉक ड्रिल तथा साइबर सुरक्षा मॉक ड्रिल शामिल था। प्रशिक्षण अत्यंत व्यावसायिकता निष्ठा एवं उच्च स्तरीय शिक्षण मानकों के साथ संचालित किया गया, जिसमें लगभग 520 एन.सी.सी कैडेट्स एवं पी.आई स्टाफ के ज्ञान, तैयारी तथा प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। व्यावहारिक प्रदर्शन एवं मॉक ड्रिल्स ने प्रतिभागियों में आपदा प्रतिक्रिया, आपातकालीन प्रबंधन तथा नागरिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ किया।
30 बिहार बटालियन एन.सी.सी के समादेशी पदाधिकारी ने उड़ान मास्टर ट्रेनर के राष्ट्र निर्माण हेतु प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास के प्रति समर्पण, प्रतिबद्धता एवं सराहनीय प्रयासों की भूरि भूरि प्रशंसा की। अंत में अलग-अलग थीमों पर आधारित ग्रुपों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नुक्कड नाटक की प्रस्तुति काबीले तारीफ रही तथा छात्र मंत्रमुग्ध दिखे। इन सभी कार्यक्रमों में 30 बिहार के सभी पदाधिकारियों एवं सिविल कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।
