
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 28 नवम्बर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण – 2027 के तहत निर्वाचक सूची पुनरीक्षण के मद्देनजर 198 – शाहपुर विधान सभा क्षेत्र मे निर्वाचक सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जगदीशपुर अमरेंद्र कुमार की अध्यक्षता मे बैठक आयोजित की गई। बैठक मे चुनाव पदाधिकारी, जगदीशपुर तौकीर किब्रिया, शाहपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शत्रुंजय कुमार सिंह सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक मे बताया गया कि 26 नवंबर तक 198 – शाहपुर विधान सभा क्षेत्र मे कुल 3,09,804 निर्वाचक हैं। जिनमे 1,66,065 पुरुष और 1,43,735 महिला तथा 4 थर्ड जेंडर निर्वाचक शामिल हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 19 से 25 नवंबर तक प्राप्त प्रपत्र 6, 7 एवं 8 की सूची सौंपी गई। प्रतिनिधियों से सूची का अवलोकन कर जाँच मे सहयोग करने तथा बीएलओ के माध्यम से सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि दावा एवं आपत्ति 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकती है। प्रपत्र-6 से नाम जोड़ने, प्रपत्र-7 से नाम हटाने तथा प्रपत्र-8 से संशोधन का आवेदन बीएलओ वोटर हेल्पलाइन ऐप से किया जा सकता है। महादलित टोलों मे छूटे पात्र निर्वाचकों का नाम जुड़वाने पर विशेष जोर दिया गया। 5 एवं 6 दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा। सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
